- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- आदिवासी किसानों ने जनसुनवाई में...
Chhindwara News: आदिवासी किसानों ने जनसुनवाई में पहुंचकर अधिकारियों से लगाई गुहार

Chhindwara News: साहब...हमारे पुश्तों के जमाने से हम जमीन पर कास्तकारी का काम कर रहे हैं। 100 साल से ज्यादा का समय हो चुका हैं। इसी जमीन के भरोसे हम अपनी परिवार का भरण-पोषण करते आ रहे हैं, लेकिन पिछले दिनों वनविभाग के अधिकारियों ने हमें नोटिस थमाते हुए यहां कृषि कार्य करने से साफ इंकार कर दिया। ये शिकायत लेकर मंगलवार को सैकड़ों आदिवासी किसान परासिया के गांव पाठाखुरी से कलेक्ट्रेट पहुंचे।
आदिवासी किसान तेजलाल, मनोज इवनाती, शेषकुमार, धनराम उईके ने बताया कि हमारा परिवार पुर्खों के जमाने से इस जमीन पर कृषि कार्य कर रहा है, लेकिन अब अधिकारियों का कहना है कि ये इस जमीन पर कृषि कार्य नहीं कर सकते हैं। यदि यहां फसल की बोवनी की गई तो उन पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसानों ने बताया कि यदि ऐसा हुआ तो हमारा परिवार सडक़ पर आ जाएगा और भरण पोषण करना मुश्किल होगा।
दमुआ को तहसील बनाने की मांग
दमुआ से आए लोगों ने जनसुनवाई में दमुआ उपतहसील को तहसील बनाने की मांग। व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि व्यापारिक दृष्टि से दमुआ समृद्ध है। उपतहसील के अंतर्गत 55 से 60 गांव और 90 से अधिक पंचायतें आती है। जिन्हें प्रशासनिक कार्य के लिए 60 से 70 किमी तक जाना पड़ता है।
वार्डवासियों ने की सड़क बनाने की मांग
जनसुनवाई में मंगलवार को वार्ड क्रमांक 34 चंदनगांव सीसी रोड बनाने की मांग की। वार्डवासियों का कहना है कि शासकीय प्राथमिक शाला मटकुली में सैकड़ों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत है। आवागमन का मार्ग नहीं होने के कारण उन्हें परेशान होना पड़ता है। सड़क न होने से बुजुर्गों को भी परेशानी होती है।
जनसुनवाई: एसपी से लगाई मदद की गुहार
धरमटेकड़ी स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित हुई। जिसमें तीन शिकायतें रखी गई थीं। पीड़ितों ने एसपी अजय पांडे के सामने अपनी शिकायतें रखी। निराकरण के लिए मदद मांगी। जनसुनवाई में रखी गई शिकायतों में 2 मामले जमीन संबंधी विवाद के थे। एक शिकायत मारपीट से संबंधित थी। एसपी श्री पांडे ने संबंधित पुलिस अफसरों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Created On :   25 Jun 2025 2:23 PM IST














