Chhindwara News: वन परिक्षेत्र सौंसर के अंतर्गत तेंदुए का आंतक, बारह बकरियों का किया शिकार

डिजिटल डेस्क,छिंदवाड़ा। वन परिक्षेत्र सौंसर के अंतर्गत नगर से दो किमी दूरी ग्राम बेलगांव में सोमवार की रात तेंदुए ने एक ही स्थान पर 12 बकरियों का शिकार किया। इससे ग्रामीण व किसान दशहत में हैं। वन विभाग की टीम को घटना स्थल पर तेंदुए के अलावा शावकों के भी पगमार्क मिले हैं। मृत बकरियों का पंचनामा बनाकर क्षतिपूर्ति का प्रकरण बनाया गया है वहीं ग्रामीणों व किसानों को सतर्क रहने एवं अपने साथ पशुओं की सुरक्षा करने की सलाह दी जा रही है।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बेरडी निवासी किसान गंगाधर खंडाईत का खेत बाल हनुमान मंदिर से कुछ ही दूरी पर है। तेंदुए ने कोठे में घुसकर बकरियों का शिकार किया है। बताया जा रहा है कि बकरियां बंधी होने से वे भाग नहीं पाई और तेंदुए का शिकार बन गई। तेंदुआ इस क्षेत्र में अपने दो शावकों के साथ मूवमेंट कर रहा है।
परिक्षेत्र अधिकारी एम धुर्वे का कहना है कि घटना स्थल के आसपास के किसानों एवं ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा जा रहा है। सर्चिंग अभियान के साथ गश्ती भी की जा रही है। गौरतलब है कि तेंदुए ने बीते सप्ताह पिपलानारायणवार एवं आसपास के गांवों में पांच दिन में पांच शिकार किए हैं वहीं लोधीखेड़ा के हिवरी में बछड़े का शिकार किया है। तेंदुए के लगातार मूवमेंट से ज्यादा परेशानी किसानों को खेतों में सिंचाई करने एवं कपास चुनाई में हो रही है। खेतों में पशुओं की सुरक्षा को लेकर किसान बेहद चिंतित हैं।
Created On :  
