Gadchiroli News: गोंडवाना यूनिवर्सिटी में बंद बैंक खाते से हुआ लाखों रुपए का लेन-देन !

Gadchiroli News चंद्रपुर व गड़चिरोली जिले के लिए पृथक रूप से आरंभ किए गए गोंडवाना विश्वविद्यालय में बंद पड़े बैंक खाते को कथित तौर पर अनधिकृत रूप से दोबारा शुरू कर उसके माध्यम से लाखों रुपए के लेन-देन और वित्तीय अनियमितताओं का मामला सामने आया है। इस मामले में प्रस्तुत पूरक जांच रिपोर्ट में गंभीर सवाल उठाए गए हैं।
रिपोर्ट में कुलसचिव डा. अनिल हिरेखन की भूमिका पर भी सवाल उठाए जाने के बाद कुलगुरु डा. प्रशांत बोकारे ने उन्हें सोमवार 12 अक्टूबर को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। मामला गुरुवार को उजागर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैंक ऑफ इंडिया की गड़चिरोली शाखा में गोंडवाना विश्वविद्यालय और महाराष्ट्र तकनीकी प्रशिक्षण संस्था का संयुक्त बचत खाता वर्ष 2014 से निष्क्रिय है। वर्ष 2021 में इसे स्थायी रूप से बंद कर उसमें जमा 1 लाख 32 हजार 700 रुपए की शेष राशि विश्वविद्यालय के जनरल फंड में स्थानांतरित कर दी गई थी। जांच रिपोर्ट के अनुसार आवश्यक कानूनी पूर्व अनुमति के बिना अक्टूबर 2022 से इस खाते का दोबारा शुरू किया गया। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि जिस खाते की जांच के आदेश स्वयं कुलगुरु ने दिए थे, उसी खाते को कथित तौर पर कुलसचिव ने दोबारा शुरू कराया।
कुलसचिव डा. अनिल हिरेखन और रोजगार एवं स्व-रोजगार प्रशिक्षण केंद्र के संचालक सुधाकर अखरे संयुक्त रूप से इस खाते का संचालन कर रहे थे। जांच में यूनिफॉर्म अकाउंटिंग कोड, 2012 का हवाला देते हुए कहा गया है कि संबंधित अधिकारियों के पास इस निधि का संचालन करने अथवा हस्ताक्षर करने का वैधानिक अधिकार नहीं था। कुलसचिव की व्यक्तिगत वित्तीय एवं व्यावसायिक मंजूरी की सीमा 75 हजार रुपए थी, जबकि कुलगुरु की पूर्व अनुमति के बिना इससे कई गुना अधिक राशि के वित्तीय लेन-देन किए गए। वहीं बैंक रिकॉर्ड के आधार पर जांच में एक और महत्वपूर्ण मुद्दा भी सामने आया है।
Created On :  



