Gadchiroli News: प्रसव से पहले कोख में बच्चे की मौत इलाज के दौरान मां ने भी तोड़ा दम
Gadchiroli News चामोर्शी तहसील के जामगिरी निवासी एक गर्भवती महिला के साथ घटी दर्दनाक घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रसव के लिए ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराई गई महिला को बाद में गंभीर अवस्था में गड़चिरोली के महिला एवं बाल अस्पताल रेफर किया गया। वहां पहुंचने तक गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो चुकी थी और प्रसव के बाद अत्याधिक रक्तस्राव के कारण महिला की भी हालत बिगड़ती गई और उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़े -सर्पदंश से तीन छात्राओं की मौत के बाद जपतलाई आश्रमशाला फिर शुरू करने की मांग, 1 सितंबर से आंदोलन की चेतावनी
मृतक का नाम जामगिरी गांव निवासी जिजा हंसराज सातर (21) बताया गया है। यह हृदयविदारक घटना रविवार को उजागर हुई। इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता और पंस की पूर्व सदस्य अमिता मडावी ने चामोर्शी के वैद्यकीय अधीक्षक डा. प्रवीण किलनाके, डा. देवरा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग एक पत्र परिषद के माध्यम से की है। परिजनों के अनुसार, जिजा सातर को रविवार तड़के करीब 5 बजे पेट में दर्द शुरू हुआ।
गर्भावस्था की अवधि पूरी हो चुकी थी, इसलिए उन्हें तत्काल चामोर्शी के ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया। सुबह करीब 9 बजे से प्रसव पीड़ा तेज हो गई। उस समय वहां मौजूद नर्सों ने बताया कि कुछ ही समय में प्रसव हो जाएगा, लेकिन डाॅक्टर उपलब्ध नहीं थे। काफी समय बीतने के बाद भी प्रसव नहीं होने और महिला की तकलीफ बढ़ने पर जांच की गई। इसके बाद जिजा को गड़चिरोली रेफर करने की बात कही गई। मृतक के पति हंसराज सातर के अनुसार, उन्होंने अस्पताल प्रशासन से गड़चिरोली ले जाने में समय लगने की बात कहते हुए चामोर्शी में ही सिजेरियन ऑपरेशन करने की अपील की थी लेकिन बात नहीं सुनी गई और करीब साढ़े 10 बजे महिला को गड़चिरोली के लिए रवाना किया गया।
इस बीच महिला एवं बाल अस्पताल पहुंचने के बाद जांच में बताया गया कि गर्भस्थ शिशु की धड़कन बंद हो चुकी है। इसके बाद जिजा को तत्काल प्रसूति कक्ष में भर्ती किया गया। प्रसव के बाद महिला की स्थिति और गंभीर हो गई। शाम करीब 5 बजे परिजनों को जिजा की मौत की सूचना दी गई। जैसे ही जिजा की मृत्यु की खबर सामने आयी, परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। उधर एक बार फिर इस मामले ने स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही और खामियों को भी उजागर किया है।
Created On :  




