कार्रवाई: मुख्यमंत्री ने गडचिरोली की आश्रमशाला का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने के निर्देश दिए

मुख्यमंत्री ने गडचिरोली की आश्रमशाला का लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने के निर्देश दिए
  • आश्रमशाला में सांप के काटने से 3 छात्राओं की हो गई थी मौत
  • मुख्य सचिव को व्यापक जांच व्यवस्था बनाने के निर्देश
  • आदिवासी मंत्रियों में भी भारी नाराजगी

Mumbai News. गडचिरोली के धानोरा तहसील स्थित जपतलाई की एक आदिवासी आश्रमशाला में तीन छात्राओं की सांप से काटने से हुई मौत मामले में आश्रमशाला प्रबंधन के खिलाफ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही संबंधित आश्रमशाला का लाइसेंस भी स्थायी रूप से रद्द करने को कहा है। साह्याद्री अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत में फडणवीस ने कहा कि यदि आश्रमशाला में पर्याप्त शिक्षक, वार्डन या आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं और इसके बावजूद सरकारी अनुदान लिया जा रहा था, तो स्कूल का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने वाले अधिकारी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल मुख्य सड़कों के आसपास स्थित आश्रमशालाओं की ही जांच न हो, बल्कि दूरदराज और अंदरूनी इलाकों में चल रही सभी आश्रमशालाओं का भी नियमित और व्यापक निरीक्षण किया जाए।

मुख्य सचिव को व्यापक जांच व्यवस्था बनाने के निर्देश

फडणवीस ने मुख्य सचिव को सभी विभागों को शामिल करते हुए आश्रमशालाओं की सर्वांगीण जांच के लिए एक प्रभावी व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इस व्यवस्था के तहत आश्रमशालाओं में विद्यार्थियों की सुरक्षा, शिक्षकों और वार्डन की उपलब्धता, भवन की स्थिति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए केवल कागजी निरीक्षण के बजाय जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति की जांच जरूरी है।

आदिवासी मंत्रियों में भी भारी नाराजगी

सूत्रों के मुताबिक इस घटना को लेकर मंत्रिमंडल की बैठक में आदिवासी समाज से जुड़े मंत्रियों ने भी कड़ी नाराजगी जताई। बताया जा रहा है कि संबंधित आश्रमशाला कांग्रेस नेता मारोतराव कोवासे से जुड़ी है। कोवासे तीन बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं। मंत्रियों ने सवाल उठाया कि यदि इतने अनुभवी राजनीतिक व्यक्ति से जुड़ी संस्था में बच्चों की सुरक्षा के साथ इस तरह की लापरवाही हुई है, तो इसे माफ नहीं किया जा सकता। बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

तीन छात्राओं की मौत से मचा हड़कंप

जपतलाई आश्रमशाला में तीन छात्राओं की रात में सोते समय सांप के काटने की घटना ने आश्रमशालाओं में विद्यार्थियों की सुरक्षा और वहां उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Created On :   11 Aug 2026 8:15 PM IST

Tags

Next Story