- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- गोंदिया
- /
- गोंदिया के तिरोड़ा में प्राचीन...
Gondia News: गोंदिया के तिरोड़ा में प्राचीन स्थलों पर चल रहे निर्माण कार्य से खतरा

Gondia News तहसील के सातोना, बोरगांव और वडेगांव क्षेत्र में प्राचीन इतिहास से जुड़े प्रस्तरवृत्त (पत्थरों से निर्मित ऐतिहासिक संरचनाएं) पाईं गईं हैंं। इन स्थलों पर वन विभाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू किए जाने से प्राचीन ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का मुद्दा सामने आया है। इतिहास अभ्यास अनुसंधान मंडल ने इन स्थलों को सुरक्षित घोषित करने की मांग पुरातत्व विभाग से की है।
जानकारी के अनुसार, सातोना और बोरगांव के राजस्व समूह क्रमांक 32, 31 तथा 679 के क्षेत्र में करीब 70 प्रस्तरवृत्त दिखाई दिए हैं। बोरगांव, वडेगांव और सातोना में पाए गए इन अवशेषों का आकार लगभग 150 से 1700 सेंटीमीटर तक बताया गया है। इन स्थलों पर जांभा पत्थरों सहित विभिन्न प्रकार की प्राचीन पत्थर संरचनाएं दिखाई देती हैं। इसी तरह माल्ही, गांगला और सिल्ली क्षेत्र में भी ऐसे ऐतिहासिक अवशेष मिले हैं। माल्ही में पुरातत्व विभाग की ओर से कई बार खुदाई कार्य भी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित स्थलों पर वन विभाग की ओर से निर्माण कार्य किए जाने की बात सामने आई। नियमानुसार, प्राचीन ऐतिहासिक स्थलों पर निर्माण करने से पहले पुरातत्व विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र अथवा पूर्व अनुमति लेना आवश्यक है। इन ऐतिहासिक स्थलों का निरीक्षण इतिहास अभ्यास अनुसंधान मंडल के पदाधिकारी अनिल देशमुख, मुख्य समन्वयक दुलीचंद बुद्धे, उपाध्यक्ष योगेश पारधी, चंद्रकुमार पटले, प्राचार्य डी.आर. गिरीपुंजे, यू.टी. पारधी तथा पुलिस पाटील जी.डी. हटवार ने किया। मंडल ने प्राचीन धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रशासन और पुरातत्व विभाग से तत्काल उचित कदम उठाने की मांग की है।
Created On :   22 Oct 2026 1:53 PM IST















