खास खबर: पर्यटन ही नहीं आर्थिक विकास का खुल रहा रास्ता, राष्ट्रीय महामार्ग ने बदली तस्वीर

पर्यटन ही नहीं आर्थिक विकास का खुल रहा रास्ता, राष्ट्रीय महामार्ग ने बदली तस्वीर
  • आसाम की वादियों में 5 गुणा बढ़े पर्यटक
  • देश के पूर्वोत्तर के राज्यों में विकास की हवा
  • कामाख्या मंदिर तक रोप व बनेगा

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी, रघुनाथसिंह लोधी। क्षेत्रीय विकास के मामले में सदैव पिछड़े माने जाते रहे देश के पूर्वोत्तर के राज्यों में विकास की हवा महसूस की जाने लगी है। यहां पर्यटन ही नहीं आर्थिक विकास का रास्ता खुलता नजर आ रहा है। इस बदलाव के लिए कई दावे-प्रतिदावे किए जा सकते हैं। लेकिन राष्ट्रीय महामार्ग के योगदान की अवश्य ही श्रेय दिया जाएगा। बदलाव की बानगी देखिए किए एक वर्ष में यहां की वादियों में पर्यटकों की संख्या 5 गुणा बढ़ गई है। वर्ष 2021-22 में यहां 18,02,932 पर्यटक पहुंचे थे। इनमें 1231 विदेशी थे। इस वर्ष नवंबर के पहले सप्ताह तक यहां 98,31,141 पर्यटक पहुंचे। इनमें 18,946 विदेशी हैं। लघु व मध्यम उद्योग भी लगने लगे हैं। युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के सरकारी दावे कुछ हद तक सही भी लग रहे हैं।

नियोजित योजना

आसाम पर्यटन विकास महामंडल ने ऑसम-आसाम अंतर्गत राज्य में पर्यटकों की सुविधा के लिए योजना तैयार की। उसमें केंद्र सरकार ने सहयोग दिया। पर्यटन विकास के लिए सड़क निर्माण पर अधिक ध्यान दिया जा रहा है। कभी इस क्षेत्र के लिए उड़ानपुल किसी सपने से कम नहीं थे। लेकिन अब पुल व सड़कों का जाल सा बिछता चला है। क्षेत्र के जाने माने पर्यटन केंद्र की ओर पहुंचनेवाले विविध मार्ग पक्के हो चुके हैं। नवंबर के पहले सप्ताह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ एक कार्यक्रम के सिलसिले में गुवाहाटी पहुंचे थे। उन्होंने क्षेत्र विकास को लेकर सरकार के प्रयासों की काफी सराहना की। इसी दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी गुवाहाटी पहुंचे। उन्होंने आसाम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा, मेघालय के मुख्यमंत्री कानराड संगमा व अन्य राज्यों की मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में महामार्ग निर्माण संबंधी योजनाओं की समीक्षा की। साथ ही विविध घोषणाएं भी की। गडकरी ने 17,500 करोड से अधिक के निवेश के साथ 26 राष्ट्रीय महामार्ग योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। अासाम व अरुणाचल प्रदेश के बीच संपर्क के लिए डिब्रूगढ-तीनसुकिया-लेडो योजना लायी। सिलचर से लैलापुर क्षेत्र बैराक की वादी को मिजोरम से जोड़ा जाएगा। धेमाजी जिले में राष्ट्रीय महामार्ग-515 आसाम व अरुणाचल प्रदेश को जोड़ने का काम करेगा। राष्ट्रीय महामार्ग-37 दिमा हसाओ क्षेत्र का संपर्क बढ़ेगा। साथ ही पश्चिम मणिपुर के लिए वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगा।


रोजगार सहायता

गुवाहाटी में होटल व्यावसाय से जुड़े शिवांकर राव बताते हैं-रोजगार सहायता योजना भी प्रभावी साबित हो रही है। मुख्यमंत्री आत्मनिर्भर असम अभिलन 2023 के अंतर्गत युवा उद्यमियों को प्रोतसाहित किया जा रहा है। पंजीयन के लिए पोर्टल भी है। इंजीनियरिंग, चिकित्सा, कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन के लिए डिग्रीधारकों को लाख तक का कर्ज दिया जा रहा है। इनमें से केवल 2.5 लाख रुपये ही चुकाना पड़ता है। दूसरी श्रेणी में 1 एक लाख का कर्ज दिया जाता है। इस कर्ज पर कोई ब्याज नहीं लिया जाता है। गुवाहाटी, शिवापुर, जोरहट, दिसपुर , तेजपुर व डिब्रूगढ़ में नए उद्योग व उद्यमी तैयार हाे रहे हैं। 10 युवाओं के समूह को 5 चरण में 2 करोड के कर्ज की योजना भी सराही जा रही है।


कामाख्या मंदिर तक रोप व बनेगा

क्षेत्र में विकाय योजनाओं के अध्ययन के लिए पहुंचे महाराष्ट्र के पत्रकारों के दल से आसाम पर्यटन विकास महामंडल के व्यवस्थापक संचालक कुमार पद्मपाणी ने पर्यटन विकास की योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आसाम में पहुंच रहे पर्यटकों में महाराष्ट्र के पर्यटकों की संख्या तीसरे स्थान पर है। राज्य में पर्यटन विकास की नई योजनाओं पर काम चल रहा है। ब्रम्हपुत्रा नदी से कामाख्या मंदिर तक रोेप वे शुरु करने का प्रयास शुरु है। राज्य में पंचतारांकित होटल तैयार की जा रही है। आसाम के पर्यटन उद्योग का राज्य की अर्थव्यवस्था में योगदान सर्वाधिक है।

Created On :   15 Nov 2023 2:02 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story