आईटीबीपी जवान के खिलाफ अमानत में खय़ानत का मामला दर्ज

आईटीबीपी जवान के खिलाफ अमानत में खय़ानत का मामला दर्ज
कैंट पुलिस ने साढ़े 11 लाख गायब होने के मामले में दर्ज किया प्रकरण

डिजिटल डेस्क जबलपुर। आईटीबीपी की कैंटीन की रकम साढ़े 11 लाख रुपए लेकर बैंक में जमा कराने निकले जवान ने बैग गायब होने की सूचना कैंट थाने में दी थी। मामले की जाँच के दौरान जवान पर रकम गायब करने का संदेह गहराने पर शनिवार की रात जवान के खिलाफ अमानत में खय़ानत का मामला दर्ज किया गया है। आईटीबीपी की 29वीं वाहिनी सैनानी के पत्र के आधार पर पुलिस ने जवान के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच में लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आईटीबीपी 29वीं वाहिनी में पदस्थ अनिल प्रजापति मूलत: अहमदाबाद के कुबेर नगर का रहने वाला है। वह यहाँ पर डाक रनर का काम करता था। शुक्रवार को वाहिनी के केंद्रीय पुलिस कल्याण विभाग में पदस्थ भगवानदास ने अनिल को साढ़े 11 लाख रुपए एसबीआई बैंक की सदर शाखा में जमा करने के लिए दिए थे लेकिन उसने यह रकम बैंक में जमा नहीं कराई और शाम को अधिकारियों को एम्पायर टाकीज के पास से बैग चोरी होने की जानकारी दी थी। उसके द्वारा बताए गए घटनाक्रम को लेकर संदेह होने पर जाँच-पड़ताल के बाद शनिवार की रात उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उससे पुलिस व आईटीबीपी के अधिकारियों द्वारा पूछताछ की जा रही है।

Created On :   21 May 2023 5:44 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story