- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- शरारती तत्वों ने हथौड़े से तोड़ी...
Jabalpur News: शरारती तत्वों ने हथौड़े से तोड़ी परियट की मेन राइजिंग लाइन, छाया जलसंकट

Jabalpur News: शरारती तत्वों ने शुक्रवार तड़के परियट टैंक की मेन राइजिंग लाइन हथौड़े से तोड़ दी। इससे दीपावली पर रांझी क्षेत्र में जलसंकट छा गया। मेन राइजिंग लाइन फूटने से शुक्रवार शाम पानी की आपूर्ति नहीं हुई। शनिवार सुबह भी पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी। वहीं नगर निगम ने सुधार कार्य शुरू कर दिया है।
नगर निगम की ओर से बताया कि परियट टैंक की 52 इंच की मेन राइजिंग लाइन नारायण धाम, उमरिया, खमरिया होते हुए रांझी जल शोधन संयंत्र तक पहुंचती है। शुक्रवार तड़के 3 बजे ग्रामीणों ने मेन राइजिंग लाइन फूटने की तेज आवाज सुनी। ग्रामीणों ने मौके पर जाकर देखा तो मेन राइजिंग लाइन से पानी बह रहा था। नगर निगम की टीम ने मौके पर जाकर देखा तो मेन राइजिंग लाइन फूटी हुई थी। उसके आसपास हथौड़े के निशान थे। इससे लग रहा है कि शरारती तत्वों ने हथौड़े से मेन राइजिंग लाइन तोड़ी है। इसके कारण शुक्रवार शाम को रांझी क्षेत्र में पानी नहीं मिल पाया।
इन क्षेत्रों में नहीं मिला पानी
मेन राइजिंग लाइन फूटने से रांझी, रावण पार्क, रांझी संजय नगर, रांझी मुक्तिधाम, शोभापुर, कंचनपुर, शारदा नगर, बजरंग नगर, मढ़ई, बिलपुरा, मानेगांव, संजय नगर अधारताल, कुलीहिल और सिद्धबाबा क्षेत्र में पानी की सप्लाई नहीं हुई।
आज दर्ज कराई जाएगी एफआईआर
जल विभाग के एमआईसी सदस्य दामोदर सोनी ने कहा है कि प्रथम दृष्ट्या प्रतीत हो रहा है कि शरारती तत्वों ने हथौड़े से मेन राइजिंग लाइन तोड़ी है। इस मामले में शनिवार को खमरिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
त्योहार पर ही क्यों फूट रही मेन राइजिंग लाइन
पूर्व पार्षद राजेश यादव ने कहा है कि त्योहार पर ही मेन राइजिंग लाइन क्यों फूट रही है। परियट के पहले रमनगरा में भी मेन राइजिंग लाइन फूट चुकी है। नगर निगम मेन राइजिंग लाइनों की मॉनिटरिंग और देखरेख नहीं कर रहा है। इसका खामियाजा शहर की जनता को त्योहारों पर भुगतना पड़ रहा है।
Created On :   18 Oct 2025 1:07 PM IST