मुंबई तूफान हादसे में शहर के दम्पति की मौत

मुंबई तूफान हादसे में शहर के दम्पति की मौत
सिविल लाइन में था रिटायर्ड एटीसी जीएम का घर, मुंबई में अंतिम संस्कार

डिजिटल डेस्क जबलपुर। मुंबई में सोमवार को आए तूफान के दौरान गिरे होर्डिंग की चपेट में आने से एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के रिटायर्ड एटीसी के जनरल मैनेजर मनोज चंसोरिया और उनकी पत्नी अनीता चंसोरिया की मौत हो गयी। बुधवार को उनका शव मलबे से निकाला गया और उसके बाद मुंबई में ही अंतिम संस्कार किया गया। मृत दम्पति का घर सिविल लाइन स्थित मरियम चौक के पास है।

जानकारी के अनुसार मनोज चंसोरिया एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के मुंबई एयरपोर्ट पर पदस्थ थे। 31 मार्च को रिटायर होने के बाद मनोज अपनी पत्नी के साथ जबलपुर आए थे। यहाँ से उन्हें अमेरिका में रहने वाले अपने बेटे यश के पास जाना था। इसके लिए उन्हें वीजा बनवाना था। वीजा बनवाने के लिए मनोज अपनी पत्नी के साथ कुछ दिन पहले ही कार से मुंबई के लिए रवाना हुए थे। सोमवार को मुंबई से जबलपुर आने के लिए निकले थे। वे एक पेट्रोल पंप पर रुककर कार में पेट्रोल भरवा रहे थे, उसी दौरान भयंकर तूफान आया और विशालकाय होर्डिंग उनकी कार पर गिरा, जिसमें कई लोग दब गए थे। हादसे में चंसोरिया दम्पति की भी मौत हो गयी।

अमेरिका से मुंबई पहुँचा बेटा

मुंबई में हुए हादसे की जानकारी लगने पर मनोज का बेटा यश अमेरिका से मुंबई पहुँचा। वहीं जबलपुर से कुछ रिश्तेदार व मनोज के बचपन के मित्र विनय नेमा व बहनोई डॉ. परिमल स्वामी व बहन पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय की प्राध्यापक डॉ. मधु स्वामी भी मुंबई पहुँचे। बुधवार को मलबे में दबे शव निकाले जाने के बाद परिजनों ने मनोज की पहचान अंगूठी से की। वहीं उनकी पत्नी अनीता की पहचान उनके जेवरों से की गयी। दोनों शव क्षत-विक्षत होने के कारण मुंबई में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। वे जाने-माने फिल्म अभिनेता कार्तिक आर्यन के मामा थे।

परिवार में मातम का माहौल

हादसे का शिकार हुए मनोज नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल अस्पताल में पदस्थ रहे डॉ. केपी चंसोरिया के पुत्र थे। पिता की मौत के बाद माँ कांति उनके साथ ही रहती थीं। मुंबई में हुए हादसे में बेटा-बहू की मौत की जानकारी लगने पर वे सदमे में हैं। परिवार में मातम का माहौल है।

Created On :   16 May 2024 6:11 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story