स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू, इधर सूख गए हैंगिंग गमलों के पौधे

स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू, इधर सूख गए हैंगिंग गमलों के पौधे
नगर निगम से चंद कदम दूरी पर ही नौदराब्रिज में लोगों को हैरान कर रहे हालात, अफसर नहीं दे रहे ध्यान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर।

शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण बुधवार से शुरू हो गया है। ऐसे में नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। शहर की प्राइम लोकेशन नौदरा ब्रिज की सुंदरता के लिए लगाए गए हैंगिंग गमलों के पौधे सूख गए हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि अभी तक नगर निगम के अधिकारियों ने सूखे पौधों को हटाने तक की जरूरत नहीं समझी। इससे स्वच्छता रैंकिंग पर विपरीत असर पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

उल्लेखनीय है कि पिछले साल नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण में 22वें नंबर पर था। इस साल दावा किया गया है कि पिछले साल की तुलना में रैंकिंग में सुधार लाया जाएगा। इसके मद्देनजर पिछले महीने शहर की प्राइम लोकेशन नौदरा ब्रिज पर हैंगिंग गमले लगाए गए थे। इससे नौदरा ब्रिज खूबसूरत दिखने लगा था। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि नगर निगम के कर्मचारियों ने पौधों की देखरेख नहीं की। इसके कारण ही बारिश के मौसम में भी हैंगिंग गमलों के पौधे सूख गए। पौधे सूखने के बाद भी उन्हें हैंगिंग गमलों से नहीं हटाया गया। इसके कारण इनकी खूबसूरती बिगड़ रही है। लोगों का यह भी कहना है कि जब नगर निगम मुख्यालय से 100 मीटर की दूरी पर ऐसे हालात हैं तो शहर का भगवान ही मालिक है।

कई क्षेत्रों में नहीं पहुँची कचरा गाड़ी

स्वच्छता सर्वेक्षण के पहले दिन ही शहर के कई क्षेत्रों में कचरा गाड़ी नहीं पहुँची। विजय नगर, यादव कॉलोनी, अमखेरा, अधारताल, रामपुर, सीओडी कॉलोनी सुहागी और रांझी क्षेत्र के लोगों ने कचरा गाड़ी नहीं पहुँचने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत करने के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने कचरा गाड़ी भेजकर कचरा उठवाया।

सफाई व्यवस्था का परीक्षण शुरू

पहले दिन से ही स्वच्छता टीम ने सफाई व्यवस्था का परीक्षण करना शुरू कर दिया है। बुधवार को सर्वे टीम सुभद्रा कुमारी चौहान वार्ड के कंचन परिसर पहुँची। यहाँ पर साफ-सफाई का जायजा लिया गया। इसके साथ ही टीम ने मदनमहल स्टेशन के आसपास रेल पटरियों के किनारे की जगह को जाकर देखा। इसके साथ ही सर्वे टीम ने रांझी के कुछ क्षेत्रों को भी देखा। जानकारों का कहना है कि सर्वे टीम नगर निगम के कर्मचारियों को जानकारी दिए बिना मौके पर पहुँच रही है। सर्वे शुरू होते ही नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मुस्तैद नजर आ रहे हैं।

स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। नौदरा ब्रिज में हैंगिंग गमलों के सूखे पौधों को जल्द ही हटवाया जाएगा।

- अमरीश मिश्रा, एमआईसी सदस्य स्वास्थ्य विभाग

Created On :   24 Aug 2023 7:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story