किसानों व मटर मंडी व्यापारियों में बनी सहमति

किसानों व मटर मंडी व्यापारियों में बनी सहमति
मटर व्यापारियों ने प्रशासन के सामने अपनी सुरक्षा की बात रखी

डिजिटल डेस्क जबलपुर। मटर खरीदी को लेकर पिछले दिनों से मची ऊहापोह की स्थिति पर विराम लगता नजर आ रहा है। भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मटर उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम पीके सेनगुप्ता से मुलाकात की। किसानों व मंडी व्यापारियों के बीच गतिरोध को समाप्त करने के लिए एसडीएम श्री सेनगुप्ता व मंडी सचिव की उपस्थिति में मंडी सचिव कार्यालय में किसान संघ के पदाधिकारियों, किसानों और मटर व्यापारियों के बीच लंबी वार्ता से सुलह का रास्ता निकला।

भारतीय किसान संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख राघवेंद्र पटेल ने बताया कि मंडी के मटर व्यापारियों ने प्रशासन के सामने अपनी सुरक्षा के विषय को रखा, जिस पर प्रशासन ने उचित व्यवस्था बनाने का आश्वासन दिया। साथ ही मंडी में भ्रमण कर सभी व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए निर्देश दिए, जिसके उपरांत सभी मटर व्यापारियों ने मटर खरीदी न करने के अपने फैसले को वापस लेते हुए मटर खरीदी प्रारंभ करने का निर्णय लिया।

श्री पटेल ने बताया कि किसान संघ ने प्रशासन के समक्ष किसानों की मटर को उचित रेट खरीदी कराने की व्यवस्था बनाने को कहा। इसके लिए स्थानीय तौर पर मटर प्रसंस्करण से संबंधित अधिक उद्योग लगाने के लिए कार्य करने व योजना बनाने की बात कही, जिससे माँग व आपूर्ति का संतुलन बन सके। इस अवसर पर व्यापारियों ने प्रशासन के समक्ष अपनी सुरक्षा की माँग को दोहराते हुए उचित कदम उठाने की बात कही। इसके पहले पनागर विधायक सुशील तिवारी इंदु, भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों, एसडीएम श्री सेनगुप्ता, मंडी व्यापारियों, मंडी सचिव के साथ अस्थायी तौर पर मटर मंडी प्रारंभ करने के लिए ओरिया बायपास स्थित जमीन का निरीक्षण किया। निरीक्षण उपरांत विधायक श्री तिवारी ने मटर मंडी चालू करने आवश्यक व्यवस्थाएँ जुटाने अधिकारियों को निर्देश दिए। इस अवसर पर भारतीय किसान संघ के भरत पटेल, मोहन तिवारी, सुनील पटेल, धनंजय पटेल, रामकृष्ण सोनी, आलोक पटेल, यश गोंटिया सहित किसान, व्यापारी व अधिकारी उपस्थित रहे।

बाहरी व्यापारियों को मिले सुरक्षा की गारंटी

कृषि उपज मंडी व्यापारी संघ के चंद्रशेखर साहू ने जबलपुर मटर खरीदी करने आए बाहर के व्यापारियों, किसानों एवं मजदूरों के जान-माल की सुरक्षा की गारंटी दिए जाने की माँग प्रशासन से की है।

Created On :   8 Dec 2023 5:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story