ईस्टर संडे: गिरजाघरों में हुई प्रभु यीशु की आराधना

सभी गिरजाघरों में भक्ति और श्रद्धा के साथ हुए आयोजन

डिजिटल डेस्क जबलपुर। ईसाई धर्म के प्रमुख पर्वों में से एक महत्वपूर्ण पर्व ईस्टर संडे नगर के सभी गिरजाघरों में भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सभी चर्चों में प्रात:कालीन आराधना की गई एवं मिस्सा बलिदान अर्पित िकया गया। गिरजाघरों में पुनर्जीवित प्रभु यीशु मसीह की आराधना भी हुई। गिरजाघरों में प्रभु यीशु के भजनों के साथ उनके पुन: जी उठने की खुशी मनाई गई। ईस्टर संडे की पूर्व संध्या एवं सुबह के समय सेंट पीटर एण्ड पॉल कैथेड्रल महागिरजाघर सदर में पवित्र मिस्सा बलिदान चढ़ाया गया। सभी विश्वासियों ने संसार में अमन-चैन की दुआ माँगी। मिस्सा बलिदान पल्लि पुरोहित बेंजामिन धुर्वे, धर्माध्यक्ष जेराल्ड अल्मेडा, नव निर्वाचित धर्म प्रमुख डॉ वल्लन अरासु, डीकन आरोक्या ज्योतिष ने अर्पित िकया। कार्यक्रम को सफल बनाने में फेलिक्स बारला, फ्रांसीस जेवियर, जॉन डेविड, मनोज अन्थोनी, राजा बर्नाड, जुसिया, डॉमनिक नाजरथ, सतीश मनी आदि का योगदान रहा।

इसलिए मनाया जाता है पर्व

ईस्टर प्रभु यीशु के तीसरे दिन मृत्यु पर विजय का पर्व है। बाइबल के अनुसार गुड फ्राइडे के दिन प्रभु यीशु की क्रूस पर मृत्यु के बाद उन्हें दफनाया गया। तीसरे दिन रविवार को शिष्यों ने उन्हें कब्र पर नहीं पाया। स्वर्ग दूतों ने उन्हें बताया कि जिस प्रभु यीशु को तुम ढूँढ रहे हो, वे मृत्यु पर विजय प्राप्त कर जी उठे हैं। तभी से ईसाई समुदाय ईस्टर संडे का उत्सव मनाते हैं।

Created On :   31 March 2024 5:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story