- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी...
जबलपुर: इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी नहीं कर रही बीमित को पूरा भुगतान

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। नियम के तहत बीमा कंपनियों में अस्पताल से कैशलेस के लिए मेल किया जाता है तो जिम्मेदार रिजेक्ट कर देते हैं। यही नहीं बिल सबमिट करने पर अनेक प्रकार की खामियाँ निकालकर पॉलिसी धारक को परेशान किया जाने लगता है।
बीमित परेशान होकर कंपनी के अधिकारियों को मेल करते हैं तो वहाँ से किसी भी तरह का जवाब नहीं आता है। ऐसी ही शिकायत मध्य प्रदेश के जिला सतना अमौधा निवासी नितेश कुमार शुक्ला ने की है।
उन्होंने बताया कि पत्नी नेहा को निजी अस्पताल में डिलेवरी के लिए भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बीमा कंपनी को कैशलेस के लिए मेल किया तो बीमा अधिकारियों ने कैशलेस करने से इनकार कर दिया।
बीमित ने इलाज के बाद सारे बिल व रिपोर्ट बीमा कंपनी में ऑनलाइन व ऑफलाइन जमा की तो इफको-टोकियो जनरल इंश्योरेंस कंपनी के अधिकारियों के द्वारा पॉलिसी क्रमांक एच 1185676 में अनेक प्रकार की क्वेरी निकाली गईं।
बीमित ने सारे दस्तावेजों को अस्पताल से सत्यापित कराकर जमा कराया तो बिलों में कटौती कर दी। अब क्लेम डिपार्टमेंट व जिम्मेदार अधिकारी किसी भी तरह का जवाब नहीं दे रहे हैं।
बीमित का आरोप है कि उसके साथ गोलमाल करते हुए परेशान किया जा रहा है। अब वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में केस लगाने की तैयारी में है। वहीं बीमा कंपनी के द्वारा किसी भी तरह का पक्ष नहीं दिया गया।
इन नंबरों पर बीमा से संबंधित समस्या बताएँ
स्वास्थ्य बीमा से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आपके साथ भी है तो आप दैनिक भास्कर मोबाइल नंबर - 9425324184, 9425357204 पर बात करके प्रमाण सहित अपनी बात दोपहर 2 से शाम 7 बजे तक रख सकते हैं।
Created On :   6 Feb 2024 2:49 PM IST















