Jabalpur news: अग्नि हादसों की रोकथाम के लिए 30 दिन में विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित सुरक्षा देने के लिए नगर निगम अब पूरे शहर का फायर रिस्क वल्नरेबिलिटी एवं एक्शन प्लान तैयार करेगा। गुरुवार को निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने अग्निशमन विभाग के निरीक्षण के दौरान 30 दिन के भीतर यह कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने विभाग की कार्यप्रणाली, अग्निशमन वाहनों की फिटनेस, उपकरणों की स्थिति, कर्मचारियों की उपस्थिति और आपात स्थिति में टीम की तत्परता का जायजा लेते हुए फायर कॉल से लेकर टीम की रवानगी तक की प्रत्येक प्रक्रिया की स्वयं समीक्षा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि पिछले एक साल में हुई अग्नि दुर्घटनाओं का विस्तृत डेटा एनालिसिस किया जाए। दुर्घटनाओं के स्थान, कारण, आग की तीव्रता और राहत कार्य में लगे समय का अध्ययन कर हॉटस्पॉट चिन्हित किए जाएं। घनी आबादी वाले इलाकों, व्यस्त बाजारों, बस्तियों और संवेदनशील स्थानों का जोखिम के स्तर अनुसार वर्गीकरण किया जाएगा।
इस आधार पर विद्युत सुरक्षा, ज्वलनशील सामग्री के भंडारण, संकरे मार्गों, अग्निशमन वाहनों की पहुंच और पानी की उपलब्धता जैसे जोखिमों का परीक्षण कर सुधारात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित मॉकड्रिल, कम्युनिटी एंगेजमेंट और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिया।
निगमायुक्त ने अग्निशमन विभाग के आधुनिकीकरण, संसाधनों के अपग्रेडेशन, वाटर रिफिलिंग स्टेशन, फायर एनओसी प्रक्रिया और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने की बात भी कही। इस दौरान अपर आयुक्त वी.एन. बाजपेई, कार्यपालन यंत्री जी.एस. मरावी, फायर अधीक्षक कुशाग्र ठाकुर, सहायक अधीक्षक नीलेश पाटीदार एवं आकाश श्रीवास्तव मौजूद रहे।
Created On :  
