Jabalpur news: सीट कवर कारखाने और गोदाम में भीषण आग, रेग्जीन और मशीनें जलकर खाक

रसीद गंज मस्जिद के पास हुआ हादसा, तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे

डिजिटल न्यूज़ जबलपुर

करमचंद चौक के पास रसीदगंज मस्जिद के पीछे गुरुवार दोपहर सीट कवर और बैग बनाने के कारखाने और गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम और कारखाना अमित कुमार चावला का बताया जा रहा है। दो मंजिला भवन में आग लगने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

बताया जाता है कि गोदाम में रेग्जीन और अन्य ज्वलनशील सामग्री संग्रहित थी, जिससे आग विकराल हो गई और गोदाम से तेज लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाना शुरू किया। फायर ब्रिगेड ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्नि दुर्घटना के समय कारखाने और गोदाम में मोहम्मद यासीन नामक कर्मचारी काम कर रहा था, जो किसी तरह भवन से बाहर निकला। मोहम्मद यासीन ने बताया कि आग भवन के नीचे के हिस्से से लगी और देखते ही देखते पूरे गोदाम और कारखाने तक फैल गई। जिससे गोदाम में रखा सामान, जिसमें रेग्जीन, मशीनें और अन्य सामान था, जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल सका है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस जगह गोदाम और कारखाना है वहां आसपास रिहायशी क्षेत्र भी है,जहां कई परिवार निवास करते है, जिस भवन में आग लगी वहां वेंटिलेशन नहीं था, जिससे पूरे भवन में धुआं भर गया था, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। आग बुझा लिये जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी मिलते ही पार्षद अयोध्या तिवारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

Created On :  

Tags

Next Story