Jabalpur news: थ्री इडियट की तर्ज पर होगी सीबीएसई की पढ़ाई

डिजिटल न्यूज़ जबलपुर
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में जल्द ही बड़ा परिवर्तन होने वाला है। जिस प्रकार फ़िल्म थ्री इडियट्स में फुंगसुक बांगडू रट्टा मारने की पढ़ाई का मजाक बनाता था और व्यवहारिक शिक्षा को बढ़ावा देता था ठीक उसी पैटर्न पर अब बोर्ड न केवल मूल्यांकन का तरीका बदलेगा बल्कि पढ़ाई में भी विषयों की समझ और तार्किक सोच को बढ़ावा देगा।
नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बोर्ड परीक्षा में ऐसे प्रश्नों को अधिक महत्व मिल सकता है, जिनके उत्तर देने के लिए विद्यार्थियों को विषयों की गहरी समझ और सीखी गई बातों का वास्तविक परिस्थितियों में इस्तेमाल करना आना जरूरी होगा। फिलहाल इस सत्र में सीबीएसई ने अपने सर्कुलर में परीक्षा के मौजूदा प्रश्नपत्र पैटर्न में तत्काल किसी बदलाव की घोषणा नहीं की है।
बोर्ड की मूल्यांकन व्यवस्था को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के उद्देश्यों के अनुरूप तैयार करने पर विचार किया जा रहा है। प्रस्तावित मूल्यांकन नीति पर देशभर के स्कूलों के प्राचार्यों और शिक्षा विशेषज्ञों के साथ 17 और 18 दिसंबर को जम्मू में बोर्ड का 32 वां राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम असेसमेंट ग्लोबली ओरिएंटेड, फ्यूचर रेडी लर्नर्स' रखी गई है। इसमें अंक आधारित मूल्यांकन व्यवस्था से आगे बढ़कर विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की क्षमता, नवाचार और व्यावहारिक समझ को परखने के तरीकों पर विचार किया जाएगा। शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन के लिए उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन से संबंधित मौजूदा दिशा-निर्देशों की भी समीक्षा होगी।
Created On :  
