Jabalpur News: खनिज का अवैध परिवहन करते तीन वाहन जब्त, 30 घन मीटर रेत भी मिली

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन और संग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को खनिज विभाग ने रेत व एम सेंड का अवैध परिवहन करने के मामलें में तीन वाहनों को जब्त किया गया है। इसके अलावा खिरहनी में रेत का 30 घनमीटर का स्टॉक भी जब्त किया गया है। इन तीनों वाहनों में नंबर नहीं होने पर इनकी पतासाजी के लिए आरटीओ को पत्र लिखा जाएगा, वहीं रविवार को जब्त वाहनों के नंबर और मालिकों का दूसरे दिन भी पता नहीं चल सका है।
खनिज अधिकारी सतीश मिश्रा ने बताया कि कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने निर्देश पर सोमवार को चलाए गए जांच अभियान के तहत रात्रि गश्त में खनिज अमले ने तिलवारा स्थित ई- चेक नाका के पास से अवैध रूप से खनिज का परिवहन करते हुए एक छह चक्का डंपर को पकड़ा। इसके पश्चात दोपहर में ई-चेक गेट के समीप जांच के दौरान एम सैंड का अवैध परिवहन कर रहे एक अन्य छह चक्का डंपर तथा गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक दस चक्का वाहन को पकड़ा गया। तीनों वाहनों को थाना तिलवारा की अभिरक्षा में खड़ा कराया है।
श्री मिश्रा ने बताया कि ग्राम खिरहनी से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सोमवार को खनिज अमले ने नदी घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान शासकीय भूमि पर अवैध रूप से उत्खनित कर लावारिस अवस्था में भंडारित की गई 30 घनमीटर रेत पाई गई। मौके पर ग्रामवासियों के समक्ष इसका पंचनामा कर इसे जब्त करने की कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में खनि निरीक्षक अनिल तिवारी, वीरेंद्र पांडे सहित अन्य शामिल रहे है। खनि अधिकारी सतीश मिश्रा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना वैध अनुज्ञा के उत्खनन, परिवहन या भंडारण करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Created On :  
