Jabalpur News: शासकीय आईटीआई में कौशल दीक्षांत समारोह, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

शासकीय आईटीआई में कौशल दीक्षांत समारोह, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
  • निखरा कौशल, बिखरी मुस्कान, होनहारों को मिले मेडल
  • किसी ने इलेक्ट्रिशियन तो किसी ने ट्रैक्टर मैकेनिक की ट्रेनिंग लेकर रोजगार की तैयारी की

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। हाथों में प्रमाण-पत्र आते ही विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास नजर आया। यह अवसर था शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) में आयोजित 5वें दीक्षांत समारोह का, जहां प्रशिक्षण पूरा कर चुके विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए, वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मेडल भी प्रदान किए गए।

इन्हें मिले पदक

समारोह में परीक्षा परिणाम में इलेक्ट्रिशियन ट्रेड की तनु रावत और अशोक रैकवार ने 98.34 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। ट्रैक्टर मैकेनिक ट्रेड के आर्यन तिवारी 97.67 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।

वहीं शीट मेटल ट्रेड के सुभांश तिवारी, ट्रैक्टर मैकेनिक ट्रेड के कृष्ण कुमार पटेल और डीजल मैकेनिक ट्रेड के शिरीष कोष्टा ने 96.83 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।

मुख्य अतिथि पार्षद कमलेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए। इस मौके पर संयुक्त संचालक कौशल विकास डॉ. अर्पित शुक्ला एवं प्राचार्य अमित अठ्या उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण से बढ़ा आत्मविश्वास

ट्रैक्टर की तकनीक और उसकी मरम्मत से जुड़ी बारीकियाें को सीखना मेरे लिए अच्छा अनुभव रहा। प्रशिक्षण ने आत्मविश्वास बढ़ाया है। भविष्य में और भी बेहतर करना है। मेडल पाकर खुश हूं।

आर्यन तिवारी, स्टूडेंट

मिला पहला स्थान

मैंने किताबी ज्ञान के साथ प्रैक्टिकल पर ज्यादा ध्यान दिया। इलेक्ट्रिकल से जुड़े कामों को बारीकी से समझने का मौका मिला। अच्छे मार्क्स पाकर गोल्ड मेडल हासिल किया। तनु रावत, स्टूडेंट

Created On :  

Next Story