Jabalpur News: अभी भी कितने शिक्षक कार्यालयों में अटैच हैं, विधानसभा ने मांगा जबाव

कार्यालयों में तैयार हो रही सूची, डीईओ, डीपीसी और बीईओ को मिले पत्र

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्कूल शिक्षा विभाग से अटैचमेेंट समाप्त करने कई बार घोषणा की गई लेकिन इसके बाद भी दर्जनों शिक्षक अभी भी विभिन्न कार्यालयों में अटैच हैं। यही वजह है कि इसे लेकर विधानसभा में प्रश्न लगाया गया है। इसकी जानकारी जुटाने भोपाल से पत्र आया है और सभी कार्यालयों को जल्द ही जानकारी भेजने के निर्देश दिए गए हैं। बतया जाता है कि अभी भी जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सहित अन्य कार्यालयों में कई शिक्षकों से बाबुओं का कार्य कराया जा रहा है।

मध्यप्रदेश विधान सभा सचिवालय से जिला शिक्षा अधिकारी को भेजे गए पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्कूल शिक्षा मंत्री से प्रश्न किया गया है कि प्रदेश की शासकीय शिक्षण संस्थाओं में शिक्षकों की कमी होने के बाद भी कार्यालय आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय मप्र भोपाल में, प्रदेश के लोक शिक्षण संभागीय कार्यालयों में, प्रदेश के समस्त जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों में, प्रदेश के समस्त डीपीसी कार्यालयों में, समस्त बीआरसी एवं बीईओ कार्यालयों में कितने सहायक शिक्षक शिक्षक, व्याख्याता एवं अध्यापक, संवर्ग 1,2 एवं 3 का पदांकन किया गया है। इसके साथ ही यह भी पूछा गया है कि इसके लिए कौन-कौन अधिकारी दोषी हैं और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरूद्ध शासन द्वारा क्या कार्यवाही की गई है।

जेडी कार्यालय के विधि प्रकोष्ठ में कितने तैनात

भोपाल से आए पत्र में इस बात का भी उल्लेख है कि आयुक्त लोक शिक्षण द्वारा माध्यमिक शिक्षकों उच्च माध्यमिक शिक्षकों एवं प्राचार्यों को संयुक्त संचालक कार्यालयों तथा जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के विधि प्रकोष्ठ में पदस्थ किया गया है, यदि हाँ तो उन समस्त पदस्थ कर्मचारियों-अधिकारियों के पदांकन आदेश प्रदान करते हुये बताया जाए कि विधि प्रकोष्ठ में पदस्थ शिक्षकों द्वारा विधि स्नातक की परीक्षा उत्तीर्ण की गई है, यदि हाँ तो उनके परीक्षा उत्तीर्ण की अंकसूची प्रदान करें यदि नहीं तो विधि प्रकोष्ठ में पदस्थ ऐसे शिक्षक न्यायालय में किस आधार पर विभाग एवं शासन का पक्ष रखेंगे यह बताया जाए।

Created On :  

Next Story