Jabalpur News: खिलाड़ी लड़कियों की बेबसी-घर में लड़ो, मैट पर देश के लिए लड़ो और सुविधाओं के लिए व्यवस्स्था से लड़ो
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सर हम लोगों को गुजरात बड़ोदरा जूडो की नेशनल चैम्पियन शिप में शामिल होने जाना था। हम लोग दोपहर तक तो कोच के लिए ही लड़ते रहे। जैसे तैसे ट्रेन से इटारसी पहुंचे और वहां से दूसरी ट्रेन मिली। स्लीपर की टिकट थी लेकिन उसमें घुसने तक की जगह नहीं थी ऐसे में थर्ड एसी में बैठ गए। रात में टीसी आया और लड़ने लगा। लाख मिन्नतें कीं बताया कि खेलेगा इंडिया तो बढ़ेगा इंडिया लेकिन वह नहीं माना और 4 हजार रुपयों का जुर्माना लगा दिया।
सुबह गुजरात पहुंचे 1500 रुपयों में टैक्सी की गई तब जाकर टूर्नामेंट की जगह पहुंचे। जो कोच हमारे साथ थे उनका यह पहला सफर था, ऐसा लग रहा था वो हमें नहीं हम उन्हें लेकर गए हैं। सर ने साफ कह दिया था कि उनके पास एक पैसा भी नहीं है। लौटते वक्त जनरल में ही जूझते आए, चलता है सर हम लड़कियां हैं हमें घर में भी लड़ना पड़ता है, मैट पर देश के लिए लड़ते हैं और सुविधाओं के लिए व्यवस्स्था से लड़ते हैं। अब थक गए हैं लड़ते-लड़ते।
यह पीड़ा उन महिला जूडो खिलाड़ियों की है जिन्होने देश का नाम करने की ठानी थी और इंटर कॉलेज से लेकर नेशनल तक का सफर किया। उनके साथ ऐसा सुलूक किया गया कि अब उन्होने जूडो का फीता टांगने का मन बना लिया है। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और उच्च शिक्षा विभाग का खेलों के प्रति ऐसा रवैया देखकर मन खिन्न हो जाता है।
लोग बड़ी-बड़ी बातें करते हैं कि औलम्पिक में और ऐशियाड में हमें पदक कम मिलते हैं उसके लिए हमें ऐसा करना होगा, वैसा करना होगा लेकिन बड़ी शर्म की बात है कि आज भी खिलाड़ियों को इतनी कम सुविधाएं दी जा रही हैं कि वे अब खेलने से ही मना कर रही हैं। सोचने वाली बात है कि करोड़ों के बजट वाले विश्वविद्यालय के पास खिलाड़ियों को एडवांस देने के लिए रुपए नहीं होते हैं। महिला टीम के साथ महिला कोच नहीं जाती हैं और तो और उन्हें ढंग के कपड़े और जूते तक नहीं मिलते हैं।
5 हजार लगाए मिलेंगे 15 से 18 सौ
रोते हुए छात्राओं ने बताया कि हम कोई अमीर परिवार से नहीं हैं। फिर भी इंतजाम करके हमने कुछ रुपए अपने पास रखे थे। जुर्माना, टैक्सी, भोजन और अन्य सुविधाओं पर हमारे करीब 4 से 5 हजार रुपए खर्च हुए हैं और विवि की तरफ से साल-दो साल बाद हमें 15 सौ से 18 सौ रुपए मिलेंगे। आखिर हम करें क्या।
जूडो बॉयज टीम भी बिना एडवांस के गई
यह कोई पहली बार नहीं है। हमेशा यही होता आया है। कॉलेजों से खेलों के नाम पर करोड़ों रुपए वसूल किए जाते हैं लेकिन इसके बाद भी जब टीम को देश के किसी हिस्से में जाने के लिए कुछ हजार रुपयों की जरूरत होती है तो मना कर दिया जाता है। जूडो बॉयज टीम भी बिना एडवांस के गई है। मुझसे जितना हो सका मैने किया। 5 साल पहले का डेढ़ लाख अभी भी बकाया है।
डॉ. ब्रजेन्द्र यादव, स्पोर्टस आफिसर पाटन
Created On :  
