Jabalpur News: अमानक खाद्य तेल पाए जाने पर दो लाख रुपए का जुर्माना
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अपर कलेक्टर न्यायालय द्वारा हीरा स्नैक्स स्टोर से जब्त सोयाबीन तेल के नमूने अमानक पाए जाने पर प्रतिष्ठान के प्रोपराइटर और प्रभारी विक्रेता पर 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
न्यायालय अपर कलेक्टर रविशंकर राय के द्वारा जारी आदेश के अनुसार 28 अक्टूबर 2024 को शाम करीब 6.30 बजे खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने हीरा स्नैक्स, शॉप नंबर 1 नर्मदा रोड का निरीक्षण किया था। इस दौरान प्रतिष्ठान में खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय किया जाना पाया गया। इस दौरान मौके से 12 सौ मिमी रिफाइंड सोयाबीन तेल(लूज) की गुणवत्ता संदिग्ध प्रतीत होने पर उसके नमूने लिए गए। इस नमूने को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया।
रिपोर्ट में अमानक पाया गया तेल
बताया गया है कि 24 फरवरी को प्रयोगशाला की रिपोर्ट आई जिसमें तेल को अमानक पाया गया। जिसके चलते खाद्य विभाग द्वारा प्रकरण तैयार कर न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अनावेदक पक्ष ने अपना बचाव करते हुए यह तर्क पेश किया कि वे तेल का निर्माता नहीं और और तेल किराना दुकान से खरीद गया था।
उसका कार्य केवल नमकीन तैयार करना और बेचना था। हालांकि खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और साक्ष्यों के अवलोकन के बाद न्यायालय ने माना कि खाद्य कारोबारकर्ता की जिम्मेदारी केवल खाद्य पदार्थों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना भी उसका दायित्व है।
संयुक्त रूप से दो लाख रुपए का जुर्माना
न्यायालय ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 51 के तहत अवमानक खाद्य पदार्थ सोयाबीन तेल (लूज) के संग्रहण एवं विक्रय का आरोप सिद्ध पाए जाने पर प्रतिष्ठान के संचालक भूषण डोडेजा एवं प्रभारी खाद्य कारोबारकर्ता भीष्म डोडेजा पर संयुक्त रूप से 2 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है।
Created On :  
