Jabalpur News: ठंड रोकना जरूरी, रंगीन गर्म कपड़ों में आने वाले छात्र-छात्राओं को नहीं रोका जाएगा

संचालक लोक शिक्षण ने दिए आदेश, कहा किसी स्कूल ने रंगीन गर्म कपड़ों के कारण बच्चों को स्कूल से भगाया तो होगी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है और दिसम्बर से फरवरी तक अब ठंड का बोलबाला रहेगा। ऐसे में स्कूल संचालक अपनी मनमर्जी नहीं कर सकेंगे। कोई भी बच्चा यदि रंगीन गर्म कपड़ा पहनकर स्कूल आएगा तो उसे स्कूल से भगाया नहीं जाएगा। भोपाल से आए इस आदेश का पालन हर स्कूल को करना होगा। किसी स्कूल ने बच्चों को रोका या उन्हें वापस घर भेजा या किसी प्रकार की चेतावनी दी तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपरोक्त निर्देश डीएस कुशवाह संचालक लोक शिक्षण ने दिए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी और जिला सहायक आयुक्त-संयोजक जनजातीय कार्य विभाग को जारी किए आदेश में कहा गया है कि जिले के शासकीय,अशासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के गणवेश प्रोटोकॉल को सर्दी के मौसम में छूट दी जाए। पत्र में उल्लेख है कि कतिपय प्रकरणों में यह देखने में आया है कि विद्यालयों में विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित यूनीफार्म अथवा सर्दी के मौसम में अलग-अलग रंग या डिजाईन के स्वेटर,गर्म कपड़े पहनने के कारण विद्यार्थियों को कक्षा में आने से वंचित कर दिया जाता है, यदि विद्यार्थी सर्दी के मौसम में किसी दिन गणवेश से अलग रंग-डिजाईन के कपड़े या स्वेटर पहनकर विद्यालय में आते हैं तो उन्हें कक्षा में उपस्थित होने से न रोका जाए। यह भी देखने में आया है कि सर्दी के मौसम में विद्यार्थियों को उनके जूते चप्पल कक्षा के बाहर उतारने हेतु बाध्य किया जाता है, जिससे विद्यार्थी का स्वास्थ खराब होने की संभावना होती है। इसलिए विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर जूते चप्पल उतारने हेतु बाध्य न किया जाए।

कई स्कूल जैकेट उतरवा लेते हैं

बताया जाता है कि कई स्कूल केवल स्कूल द्वारा निर्धारित स्वेटर को ही मान्यता देेते हैं जबकि कुछ बच्चों को अधिक ठंड लगती है जिससे वे स्वेटर के ऊपर जैकेट भी पहन लेते हैं। ऐसे में स्कूल पहुंचने पर उनसे जैकेट उतरवा ली जाती है। अब ऐसा नहीं होगा। कोई भी स्कूल बच्चों को बाध्य नहीं कर पाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे का कहना है कि लोक शिक्षण संचालक से आए आदेश का अक्षरश: पालन किया जाएगा। सभी स्कूल नियमों से बंधे हैं और बच्चों को मौसम की मार से बचाना जरूरी है।

कोहरे और ठंड से कांपे बच्चे

अब चूंकि दिसम्बर शुरू होने में एक सप्ताह का समय है इसलिए ठंड जोर पकड़ रही है। पिछले दिनों बूंदाबांदी हुई जिससे सोमवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। ऐसे में सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों को जोरदार ठंड और कोहरे का सामना करना पड़ा। अभी तक प्रशासन ने स्कूलों का समय नहीं बदला है।

अभिभावक प्री प्राईमरी से आठवीं कक्षा तक की स्कूलों का समय बदलने की मांग कर रहे हैं लेकिन जिला प्रशासन शांति ओढे बैठा है। जबकि प्रदेश के कई जिलों में स्कूलों का सम बदला जा चुका है। इसी प्रकार सेंट्रल स्कूलों की दूसरी पाली शाम 5.30 बजे छूटती है और उस समय तक अंधकार हो जाता है। इस समय को भी बदलने की मांग की जा रही है।

Created On :  

Next Story