Jabalpur News: 12वीं के छात्रों का निकला पसीना 10वीं वालों ने ली राहत की सांस

12वीं के छात्रों का निकला पसीना 10वीं वालों ने ली राहत की सांस
शुरू हुई बोर्ड की दूसरी परीक्षा, 19 केन्द्रों में शामिल हुए करीब 10 हजार परीक्षार्थी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं की दूसरी परीक्षा गुरुवार से शुरू हो गई। इसमें करीब 10 हजार परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। 12वीं की परीक्षा में बायोटेक्नोलॉजी का पेपर था जो कि बेहद कठिन रहा, इसके चलते छात्र-छात्राएं पसीना पोछते नजर आए। वहीं 10वीं में हिन्दी का पेपर था जो कि आमतौर पर कठिन माना जाता है, लेकिन विद्यार्थियों के चेहरे देखकर लग रहा था कि वे आसानी से इसे हल कर रहे हैं।

माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल द्वारा आयोजित बोर्ड की दूसरी परीक्षा में जिले में कुल लगभग 10 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए। कक्षा 10वीं में 5104 और 12वीं कक्षा की परीक्षा में 4840 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षा के बीच फ्लाइंग स्क्वॉड का भी खौफ रहा। परीक्षार्थी सुबह जल्द परीक्षा केंद्रों में पहुंचे और विधिवत 9 बजे से पेपर का वितरण किया गया।

परीक्षा के लिए 19 केंद्र बनाए गए हैं। हालांकि किसी भी केंद्र से नकल प्रकरण की सूचना नहीं है। अभी तक माशिमं की द्वितीय परीक्षा में वे परीक्षार्थी ही शामिल होते थे जो फेल हो गए हों, इसके साथ ही उन्हें भी मौका मिलता था जो कि मुख्य परीक्षा में किन्हीं कारणों से शामिल होने से चूक गए हों, लेकिन इस वर्ष उन परीक्षार्थियों को भी इस दूसरी परीक्षा में मौका दिया गया है जिनके अंक कम आए हैं और वे परीक्षार्थी दोबारा पेपर देना चाह रहे थे।

Created On :   8 May 2026 4:23 PM IST

Tags

Next Story