- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- गलगला के व्यावसायिक क्षेत्र में चल...
Jabalpur News: गलगला के व्यावसायिक क्षेत्र में चल रहे कपड़े के गोदाम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में गलगला के सघन व्यावसायिक क्षेत्र में कपड़े के गोदाम का संचालन किया जा रहा है। यहां की गलियां इतनी संकरी हैं कि आग लगने पर यहां पर फायर ब्रिगेड तक नहीं पहुंच सकती। कपड़े के गोदाम में अग्नि सुरक्षा तक के इंतजाम नहीं हैं। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी कपड़े के गोदामों को शहर से बाहर नहीं कर रहे हैं। यह लापरवाही पूरे क्षेत्र के लिए भारी पड़ सकती है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि गलगला के सघन व्यावसायिक क्षेत्र में लंबे समय से रेडीमेड कपड़ों का थोक कारोबार किया जा रहा है। यहां पर व्यापारियों ने भू-तल पर शोरूम और प्रथम और द्वितीय तल पर गोदाम बना रखा है। रेडीमेड गारमेंट कॉम्प्लेक्स का निर्माण होने के बाद भी थोक कपड़ा कारोबारी यहां पर जमे हुए हैं। यहां पर किसी भी गोदाम में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं। इसके बाद भी यहां पर धड़ल्ले से गोदाम चलाए जा रहे हैं।
तो हो जाएगी पूरे इलाके की आफत
लोगों का कहना है कि यदि यहां पर आग लग जाए तो फायर ब्रिगेड तक नहीं पहुंच सकती। यहां की गलियां इतनी संकरी हैं कि ऑटो को भी निकलने में परेशानी होती है। इसके कारण यहां पर मामूली आग भी विकराल रूप धारण कर सकती है। इसके बाद भी यहां से कपड़ों के गोदामों को दूसरी जगह शिफ्ट नहीं किया जा रहा है।
फायर एनओसी तक नहीं
बताया गया है कि गलगला क्षेत्र में किसी भी गोदाम संचालक ने फायर एनओसी नहीं ली है। हैरान करने वाली बात यह है कि गोदाम में अग्निशमन उपकरण, पानी और रेत तक नहीं है। क्षेत्रीय नागरिक कई बार शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। इससे क्षेत्र में दहशत और भय का माहौल है।
दिन भर होती है लोडिंग-अनलोडिंग
लोगों का कहना है कि गलगला क्षेत्र में दिन भर ऑटो के जरिए माल की लोडिंग और अनलोडिंग चलती रहती है। इसके कारण यहां पर दोपहिया वाहन निकालने की भी जगह नहीं बचती। वहीं दिन भर यहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी
यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा है, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हाट्सअप नंबर-98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।
Created On :   9 April 2026 4:50 PM IST












