- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- किराना दुकान में लगी भीषण आग,...
Jabalpur News: किराना दुकान में लगी भीषण आग, क्षेत्र में फैली दहशत, काबू पाने में लगे 2 घंटे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बेलबाग क्षेत्र में बीती रात एक दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटों से पूरा क्षेत्र दहशत में आ गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन आग से दुकान में रखा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि बेलबाग तिराहे पर अंकित अग्रवाल की दुकान है। दुकान में किराना, जनरल आयटम और अन्य सामान था। रात्रि एक बजे किराना दुकान में आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली।
दमकल कर्मी जब मौके पर पहुंचे तो दुकान से आग की भीषण लपटें उठ रही थीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल आग को बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को आग बुझाने में करीब 2 घंटे का समय लगा। आग पर काबू पाने के लिए दो दमकल वाहनों और तीन टैंकरों का उपयोग किया गया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों का कहना है कि आग लगने का कारण पता लगाया जा रहा है।
दुकान संचालक अंकित अग्रवाल ने बताया कि वे रात्रि 11.30 बजे दुकान बंद करके गए थे। रात्रि 1 बजे उन्हें दुकान में आग लगने की जानकारी मिली। जब वे दुकान पहुंचे तो आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने आग काे बुझाया। आग से उनकी दुकान में रखा किराने का सामान, फर्नीचर, जनरल आयटम और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
ट्रांसफाॅर्मर में भड़क उठी आग
दमोहनाका शांतिनगर में मंगलवार सुबह 11.15 बजे ट्रांसफाॅर्मर में अचानक आग लग गई। ट्रांसफाॅर्मर से उठ रही चिंगारियों और लपटों से आसपास रहने वाले लाेग दहशत में आ गए, उन्होंने दमकल विभाग और विद्युत विभाग को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया, जिसके बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने सुधार कार्य किया।
इधर नरवाई में आग लगी
महाराजपुर इंद्रलोक कॉलाेनी के पास शाम 4.00 बजे खेत की नरवाई में आग लग गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर आग को बुझाया। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने बताया कि आग बुझाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगा। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है।
Created On :   8 April 2026 6:46 PM IST












