Jabalpur News: शादी के सीजन में काॅमर्शियल गैसों की किल्लत, व्यंजनों में देखी जा रही कमी

शादी के सीजन में काॅमर्शियल गैसों की किल्लत, व्यंजनों में देखी जा रही कमी
एलपीजी की किल्लत कर रही शादी का उत्साह फीका

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। एलपीजी संकट से लोगों के जूझने का क्रम बदस्तूर जारी है। अब तो शादी के सीजन में इसकी और मारामारी देखने को मिलेगी। शादी-ब्याह में रौनक और रंगत तो पर्याप्त हो जाएगी मगर लजीज व्यंजनों के आइटमों में कमी देखी जा सकती है। होटल व रेस्टाॅरेंटों में कॉमर्शियल गैसों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के चलते इसका सीधा असर शादी ब्याह पर पड़ रहा है।

होटलों में शादी करने की चाहत रखने वाले पैसा तो पर्याप्त खर्च करने तैयार हो रहे हैं, मगर जब खाने में सभी आइटम न मिलने की बात आ रही है तो फिर उनका भी मन खराब हो रहा है। वहीं घरेलू गैस की किल्लत तो बनी हुई है। हॉकरों के माध्यम से घरों तक गैस पहुंचाने की व्यवस्था प्रारंभ किए जाने के बाद भी एजेंसियों में लाइन लग रही है।

युद्ध के चलते पिछले कई दिनों से एलपीजी संकट से लगभग हर वर्ग परेशान हो रहा है। चाहे घरों के चूल्हा जलने की बात हो या फिर व्यावसायिक क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आवश्यकता का मामला हो, हर कोई इससे जूझ रहा है।

लोगों को घरेलू सिलेंडर से लेकर कॉमर्शियल सिलेंडरों के लिए जुगत लगानी पड़ रही है। प्रशासन द्वारा हॉकरों द्वारा घर-घर सिलेंडर पहुंचाने की अनिवार्यता की गई है। इसके बाद भी एजेंसियों के साथ डम्पिंग मैदानों में लंबी लाइनें देखी जा रही हैं।

पोर्टल पर दर्ज मात्रा में मिलेगा सिलेंडर

होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों का कहना है कि पूर्व में जहां चालीस से पचास काॅमर्शियल सिलेंडरों की आवश्यकता होती थी और मिलते भी थे, लेकिन अब उनके स्थान पर दो से तीन सिलेंडर ही दिए जा रहे हैं। अब तो शादी का सीजन चालू हो रहा है। इस स्थिति में काॅमर्शियल सिलेंडरों के बिना तो काम चलना मुश्किल हो जाएगा।

एजेंसियों में जाकर सिलेंडरों की मांग करो, तो एक ही जवाब मिल रहा है कि नई गाइड लाइन के हिसाब से जो संख्या पोर्टल पर दर्ज हुई है फिलहाल उतने ही दिए जाएंगे। ऐसे में शादी का माहौल ही गडबड़ा जाएगा।

बुकिंग के बाद भी जाना पड़ रहा एजेंसी

जानकारों का कहना है कि बुकिंग के बाद भी लोगों को आसानी से तो सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। इसका एक कारण लंबी पेंडेंसी है, जिनके नंबर पहले से बुक हैं उनकी डिमांंड पूरी की जा रही है। जिन लोगों के पास सिलेंडर नहीं पहुंच पा रहा है वे सीधे एजेंसी पहुंच रहे हैं। यहां तक कि लोग सुबह 8 बजे से ही लाइन लगा रहे हैं।

Created On :   8 April 2026 4:42 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story