Jabalpur News: हॉकरों के साथ ही एजेंसियों से भी अब मिलने लगी रसोई गैस पहले दिन छोटी दिखी कतार

हॉकरों के साथ ही एजेंसियों से भी अब मिलने लगी रसोई गैस पहले दिन छोटी दिखी कतार
बुकिंग के हिसाब से सिलेंडर नहीं मिलने से हो रही परेशानी, पुराने कनेक्शन को चालू कराने की कवायद

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। एलपीजी संकट के बीच एजेंसियों में लगने वाली भीड़ को कम करने और जनता को राहत देने सोमवार से हॉकरों के माध्यम से होम डिलीवरी अनिवार्य कर दी गई है, जिसके चलते अधिकांश एजेंसियों में लोगों की भीड़ कम देखी गई। वहीं हॉकरों के द्वारा घर-घर सिलेंडर भी पहुंचाने में तेजी आई है। एजेंसियों में जहां भी भीड़ नजर आई, उनमें अधिकांश केवायसी कराने से लेकर पुराने कनेक्शन को चालू कराने वाले शामिल रहे।

हालांकि सिलेंडर लेने वाले भी लाइन लगा रहे हैं। इस दौरान जिनकी बुकिंग है उन्हें एजेंसियों से सिलेंडर दिया जा रहा है। गौरतलब है कि प्रशासन ने जनता को राहत देने शुक्रवार को सभी एसडीएम और गैस एजेंसी संचालकों की बैठक कर सुझाव मांगे थे। इस दौरान यह भी तय किया गया था कि शहरी क्षेत्र में सोमवार से हॉकरों के माध्यम से घर-घर डिलीवरी अनिवार्य होगी।

सभी एजेंसियां इसका पालन करेंगी और जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग हो गई है, उन्हें हॉकर्स के माध्यम से सिलेंडर पहुंचाया जाएगा। गैस एजेंसियों में भीड़ नहीं लगाई जाएगी। इस दौरान एजेंसी संचालकों ने अपनी पीड़ा बयां करते हुए इस बात का जिक्र किया था कि बड़ी संख्या में लोग एजेंसी पहुंचते हैं और वहीं से सिलेंडर की मांग करते हैं। इन लाेगों का एक ही तर्क रहता है कि यहां तक आ गए हैं, तो सिलेंडर मिलना चाहिए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि एजेंसी पहुंचने वालों को सिलेंडर से मना नहीं कर सकते।

घर में खाली सिलेंडर नहीं मिले

सोमवार को हॉकरों द्वारा की जा रही डिलीवरी के दौरान गोरखपुर में जब एक हॉकर से नई व्यवस्था के बारे में पूछा गया तो उक्त हॉकर रामसेवक यादव ने बताया कि घर तक सिलेंडर पहुंचाने की व्यवस्था से जनता खुश है। वहीं एक-दो घरों में जब वह सिलेंडर लेकर पहुंचा तो खाली सिलेंडर नहीं मिला। वहीं पड़ोसी से सिलेंडर लाकर डिलीवरी ली गई।

तो पता चला एजेंसी पहुंच गए

वहीं एक अन्य हॉकर ने बताया कि उखरी निवासी त्रिलोक ठाकुर के घर का सिलेंडर लेकर जब वह उनके घर पहुंचा, तो पता चला कि त्रिलोक ठाकुर सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंच गए हैं। वे पिछले दो दिन से सिलेंडर के लिए चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें वापस बुलाकर सिलेेंडर पहुंचने की जानकारी दी गई।

Created On :   7 April 2026 6:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story