Jabalpur News: प्रवेश के नियमों और आरक्षण नीति का कड़ाई से हो पालन

प्रवेश के नियमों और आरक्षण नीति का कड़ाई से हो पालन
रादुविवि में सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया पर हुआ मंथन, पारदर्शी, सरल और समयबद्धता पर जोर

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। सत्र 2025-26 में प्रवेश संख्या में 92 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई थी। इस बार विश्वविद्यालय का लक्ष्य गत सत्र की तुलना में दोगुना प्रवेश सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने होंगे और प्रवेश की सम्पूर्ण प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से करना होगा। अब विद्यार्थियों का भरोसा विवि पर बढ़ रहा है और यही कारण है कि प्रवेश में बढ़ोत्तरी हो रही है।

उपरोक्त निर्देश रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने सोमवार को आयोजित प्रवेश समिति की बैठक में दिए। सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कुलगुरु की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई थी।

कुलगुरु प्रो. वर्मा ने कहा कि प्रवेश नियमों, शासकीय दिशानिर्देशों और आरक्षण नीति का कड़ाई से पालन किया जाए, साथ ही प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ऑनलाइन आवेदन और तकनीकी सुविधाओं के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया गया। प्रवेश समिति समन्वयक प्रो. सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि इस बार भी विद्यार्थी कहीं से भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे तथा प्रवेश शुल्क ऑनलाइन जमा करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

विषय चयन में नहीं होगी परेशानी

बैठक में नई शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर पद्धति और विषय संयोजन पर भी चर्चा हुई। परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसके दुबे ने बताया कि नए विषय संयोजन लागू होने के बाद विद्यार्थियों को विषय चयन में अधिक लचीलापन मिलेगा और उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होगी।

बैठक में सभी विभागों को प्रवेश प्रक्रिया की तैयारी शुरू करने, समय-सारणी को अंतिम रूप देने तथा पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए गए। बैठक में नए कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल का स्वागत किया गया। बैठक में प्रो. अलका नायक, प्रो. एसएस संधू, प्रो. धीरेन्द्र पाठक, डॉ. अजय गुप्ता, डॉ. आरके गुप्ता, डॉ. विनय तिवारी सहित अन्य सदस्यों ने अपने सुझाव रखे।

5वीं और 8वीं में रीटोटलिंग के आवेदन 15 तक होंगे

5वीं और 8वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों को संतोषजनक नहीं मानने वाले छात्र-छात्राओं के लिए रीटोटलिंग के आवेदन 15 अप्रैल तक लिए जाएंगे। स्कूल स्तर पर त्रुटियों को सुधारा जाएगा और 20 अप्रैल तक पोर्टल पर जानकारी अपलोड की जाएगी। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार छात्र, अभिभावक और शिक्षक परीक्षा पोर्टल के माध्यम से प्रगति पत्रक का अवलोकन कर सकते हैं।

यदि प्रगति पत्रक में छात्र प्रोफाइल, विषय चयन, माध्यम या विषयवार प्राप्तांकों में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो छात्र या अभिभावक 15 दिनों के भीतर संबंधित स्कूल के प्राचार्य को आवेदन दे सकते हैं।

स्कूल स्तर पर प्रोफाइल संबंधी त्रुटियों में सुधार किया जाएगा, जबकि विषय और माध्यम से जुड़ी त्रुटियों का निराकरण बीआरसीसी और मूल्यांकन केंद्र स्तर पर किया जाएगा। सभी संशोधन 20 अप्रैल तक पोर्टल पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।

Created On :   7 April 2026 5:48 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story