- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- स्वयं के उपकरणों से जांच कर रहे...
Jabalpur News: स्वयं के उपकरणों से जांच कर रहे डॉक्टर, कम्प्यूटर तक नहीं पहुंचे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिला स्वास्थ्य विभाग में करोड़ों के घोटाले की जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। कलेक्टर के निर्देश पर गठित टीम ने 49 संजीवनी क्लीनिकों का निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई हैं। निजी फर्मों को फर्जी देयकों से करोड़ों के भुगतान के आरोपों की जांच के दौरान ही टीम ने भौतिक सत्यापन के लिए संजीवनी क्लीनिकों का निरीक्षण किया। आलम यह है कि इनमें न कम्प्यूटर हैं, न बीपी मशीन और न ही पिछले 2 साल से पुताई हुई, लेकिन रिकॉर्ड में करोड़ों का भुगतान हो चुका है।
स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने बिना सामान खरीदे ही करोड़ों का भुगतान कर दिया। इधर जांच में यह भी सामने आया है कि चिकित्सक स्वयं द्वारा लाए गए उपकरणों से मरीजों की जांच कर रहे हैं। क्लीनिकों में कम्प्यूटर पहुंचे ही नहीं हैं।
सूत्रों का कहना है कि मामला सामने आने के 3 दिन पहल ही आनन-फानन में कुछ सेंटरों पर प्रिंटर भिजवाए गए, जबकि कम्प्यूटर ही नहीं हैं। हैरानी की बात यह है कि जिन क्लीनिकों की मरम्मत और पुताई के नाम पर लाखों के बिल पास हुए, वहां पिछले दो साल से पेंट की एक बूंद तक नहीं आई है। प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक ₹93 लाख का सामान तो ऐसा है जो न स्टोर में है और न ही किसी केंद्र पर। भंडार शाखा के रजिस्टर में फर्जी एंट्रियां की गई हैं। कई क्लीनिकों में आलमारियां तक गायब हैं, जबकि उनका भुगतान हो चुका है।
पुताई और मेंटेनेंस के नाम पर किया भुगतान
जांच में यह बात भी सामने आई है कि क्लीनिकों की पुताई और मेंटेनेंस के नाम पर लाखों रुपए का भुगतान किया गया, जबकि हकीकत में दीवारों पर सालों से चूना तक नहीं लगा। बीपी मशीन, ग्लूकोज मशीन, हीमोग्लोबिनोमीटर और वेट मशीन सिर्फ कागजों पर खरीदी गईं, लेकिन क्लीनिकों तक कभी पहुंची ही नहीं। क्लीनिकों में डॉक्टर अपने पर्सनल टैबलेट और निजी बीपी मशीन से मरीजों की जांच करने को मजबूर हैं।
डॉ. खटीक बने क्षेत्रीय संचालक
डॉ. कोठारी ने संभाला पदभार
वित्तीय अनियमितता के चलते पद से हटाए गए क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं जबलपुर संभाग डॉ. संजय मिश्रा ने सोमवार को क्षेत्रीय संचालक का प्रभार कार्यालय में पदस्थ ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. भरत खटीक को सौंपा है। इधर सोमवार को डॉ. कोठारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय पहुंचकर सीएमएचओ का दायित्व ग्रहण किया। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं कर्मचारी उपस्थित थे, सभी ने नवागत सीएमएचओ का स्वागत किया।
Created On :   7 April 2026 5:41 PM IST












