Jabalpur News: 60 साल पुराने एफओबी को तोड़ रहा रेलवे

60 साल पुराने एफओबी को तोड़ रहा रेलवे
प्लेटफाॅर्म नंबर 1 से 6 को जोड़ता था, कई ट्रेनें दूसरे प्लेटफाॅर्म से गईं

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर 1 से 6 को जोड़ने वाले फुट ओवर ब्रिज का एक हिस्सा रेलवे ने गिरा दिया। इस पैदल पुल को 60 साल पहले बनाया गया था। प्लेटफाॅर्म नंबर एक की तरफ बड़ी-बड़ी क्रेनें लगाकर सोमवार को इस एफओबी को हटाने का काम शुरू हुआ, जिसका एक हिस्सा 3 घंटे में ही हटा दिया गया, वहीं बाकी का हिस्सा दाे दिन बाद हटाया जाएगा।

रेलवे का कहना है कि इस ब्रिज की जितनी लाइफ थी वह पूरी हो गई थी और इसे हटाना जरूरी था। यात्रियों के लिए इसे पहले ही बंद कर दिया गया था। सोमवार को काम के दौरान बिजली सप्लाई बंद रही, दूसरी तरफ एक दर्जन से ज्यादा ट्रेनें जो प्लेटफाॅर्म नंबर 1 से रवाना होती थीं, उन्हें दूसरे प्लेटफाॅर्म से रवाना किया गया। हालांकि बड़ी संख्या में यात्री प्लेटफाॅर्म पर मौजूद रहे और उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है।

प्लेटफाॅर्म के बाहर से ही निकल जाते थे लोग

रेलवे द्वारा वर्ष 1966 में इस फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया गया था। इस ब्रिज से सीधे 1 नंबर से प्लेटफाॅर्म नंबर 6 तक यात्री बिना स्टेशन के अंदर प्रवेश किये पहुंच जाते थे। आरपीएफ थाना के बाजू से सीढ़ी चढ़कर सीधे दूसरी तरफ पहुंचा जा सकता था। इस ब्रिज के टूटने से या तो यात्रियों को प्लेटफाॅर्म के अंदर जाना होगा या फिर पूरा चक्कर लगाकर पहुंचना होगा।

ढाई साल पहले कर दिया था बंद

पमरे ने इस एफओबी को वर्ष 2023 में ही इसकी कोडल लाइफ पूरी होने पर यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए इसे ढाई साल पहले ही बंद कर दिया था। यह जरूर है कि अब इसे हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य रेलवे स्टेशन में दो नये प्लेटफाॅर्म भी बनने हैं इस दौरान इसे हटाया जाना है।

Created On :   7 April 2026 5:44 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story