Jabalpur News: सघन रहवासी क्षेत्र में कागज का गोदाम जरा सी चिंगारी से भड़क सकती है आग

सघन रहवासी क्षेत्र में कागज का गोदाम जरा सी चिंगारी से भड़क सकती है आग
प्रेमनगर पोस्ट ऑफिस क्षेत्र के हाल, क्षेत्रीय नागरिकों में फैली दहशत

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में अग्नि सुरक्षा को लेकर हद दर्जे की लापरवाही बरती जा रही है। प्रेमनगर पोस्ट ऑफिस के पीछे रहवासी क्षेत्र में कागज का गोदाम संचालित किया जा रहा है। यहां पर जरा सी चिंगारी से आग भड़क सकती है, जो बड़ी अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकती है। इससे क्षेत्रीय नागरिकों में दहशत व्याप्त है। कई बार शिकायत करने के बाद भी जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि प्रेमनगर पोस्ट ऑफिस के पीछे लंबे समय से कागज का बड़ा गोदाम संचालित किया जा रहा है। गोदाम में अग्नि सुरक्षा के किसी भी तरह के इंतजाम नहीं हैं। यहां पर अग्निशमन उपकरण, रेत और पानी भी नहीं रखा गया है। यहां पर मामूली चूक भी बड़ी अग्नि दुर्घटना का कारण बन सकती है।

मोहल्ले के बीच चल रहा कबाड़ गोदाम

शीतलामाई क्षेत्र में पेट्रोल पंप के समीप बंशकार मोहल्ले के बीच में कबाड़ गोदाम का संचालन किया जा रहा है। यहां पर अग्नि सुरक्षा के किसी प्रकार के कोई इंतजाम नहीं हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना हे कि कबाड़ गोदाम में बड़े पैमाने पर ज्वलनशील सामग्रियों का स्टॉक किया गया है।

यहां पर चारों तरफ लोगों के मकान हैं। यदि कबाड़ गोदाम में आग लगी तो आसपास के घर भी उसकी चपेट में आ जाएंगे। शहर में लगातार कबाड़ गोदाम में आग लग रही है। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। नागरिकों का कहना है कि कबाड़ गोदाम को मोहल्ले से बाहर किया जाना चाहिए।

आतिशबाजी की चिंगारी से बचाने के इंतजाम तक नहीं

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि कागज के गोदाम में त्योहार और शादियों के समय होने वाली आतिशबाजी की चिंगारी कहर बरपा सकती है। कागज के गोदाम को आतिशबाजी की चिंगारी से बचाने के लिए ऊपर से कवर्ड तक नहीं किया गया। इससे गोदाम के खुले हिस्से से आतिशबाजी की चिंगारी से आग लग सकती है।

जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी

यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा है, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हॉट्सअप नंबर-98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।

बिना फायर एनओसी के चल रहा गोदाम

केन्द्र और राज्य सरकार ने व्यावसायिक भवनों, स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और गोदाम के लिए फायर एनओसी लेना अनिवार्य कर दिया है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि प्रेमनगर पोस्ट ऑफिस के पीछे बिना फायर एनओसी के कागज के गोदाम का संचालन किया जा रहा है। इसके बावजूद कागज गोदाम को रहवासी एरिया से बाहर करने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

Created On :   7 April 2026 6:20 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story