Jabalpur News: कॉलोनी के बीच कागज का गोदाम, मामूली चिंगारी से भड़क सकती है आग, अफसर मौन

कॉलोनी के बीच कागज का गोदाम, मामूली चिंगारी से भड़क सकती है आग, अफसर मौन
सरस्वती कॉलोनी के नागरिकों में दहशत, कहा-शिकायत के बाद भी नहीं हो रही कार्रवाई

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जिला प्रशासन और नगर निगम नागरिक सुरक्षा के लिए कितना सजग है। इसकी बानगी चेरीताल स्थित सरस्वती कॉलोनी में देखी जा सकती है। यहां पर कॉलोनी के बीच में कागज का गोदाम चल रहा है। इससे कॉलोनी में रहने वाले लोग दहशत में हैं। नगर निगम से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि सरस्वती कॉलोनी में 2400 वर्गफीट में कागज का गोदाम चलाया जा रहा है। गोदाम में बड़े पैमाने पर कागज का स्टॉक रखा हुआ है। गोदाम में मामूली चिंगारी भी बड़े अग्नि हादसे का कारण बन सकती है। हैरान करने वाली बात यह है कि गोदाम में अग्नि सुरक्षा के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं है। इससे यहां रहने वाले नागरिक दहशत में हैं।

नागरिकों का कहना है कि गोदाम संचालक को इंडस्ट्रियल एरिया में राज्य सरकार से प्लाॅट मिला है। इसके बावजूद रहवासी क्षेत्र में गोदाम का संचालन कर आम नागरिकों का जीवन खतरे में डालने का काम किया जा रहा है।

यहां भी खतरा: भू-तल पर कबाड़खाना व वेल्डिंग की दुकान, ऊपर अपार्टमेंट

शक्तिनगर में जेडीए का सुविधा मार्केट पूरी तरह से डेंजरर्स स्पॉट बन गया है। यहां पर भू-तल पर कबाड़खाना और वेल्डिंग की दुकान आजू-बाजू में है। वेल्डिंग की दुकान से उठने वाली चिंगारी कबाड़खाने को आग के शोलों में तब्दील कर सकती है। चौंकाने वाली बात यह है कि मार्केट के ऊपरी हिस्से में अपार्टमेंट भी बना हुआ है।

यहां पर लगभग 40 परिवार निवास करते हैं। नागरिकों का कहना है कि कबाड़खाने में बड़े पैमाने पर कबाड़ का स्टॉक रखा गया है। वहीं बाजू में ही वेल्डिंग का काम होता है। यदि यहां पर आग लग गई तो 40 परिवार पर संकट आ सकता है। यहां के निवासी कई बार नगर निगम से शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

घरेलू टैक्स, उपयोग कमर्शियल

जानकारों का कहना है कि गोदाम संचालक द्वारा नगर निगम को भी चूना लगाया जा रहा है। पिछले 10 साल से 2400 वर्गफीट की बिल्डिंग का घरेलू टैक्स जमा किया जा रहा है, जबकि उसका कमर्शियल उपयोग किया जा रहा है। क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि नगर निगम को गोदाम संचालक से कमर्शियल टैक्स की वसूली करनी चाहिए।

जागरूक बनें, इस नंबर पर दे सकते हैं जानकारी

यदि आपकी दुकान या घर के आसपास ज्वलनशील सामग्रियों के गोदाम का संचालन किया जा रहा है, तो आप जागरूक नागरिक होने का परिचय देते हुए इसकी जानकारी दैनिक भास्कर के व्हाट्सअप नंबर-98273-81945 पर दे सकते हैं। आपका नाम और नंबर गोपनीय रखा जाएगा।

Created On :   8 April 2026 4:46 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story