- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- नो एंट्री में घुसा कंटेनर, चालक ने...
Jabalpur News: नो एंट्री में घुसा कंटेनर, चालक ने आरक्षक से मारपीट की, सूबेदार की वर्दी भी फाड़ी

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र स्थित पाटन बायपास पर सोमवार की दोपहर नो एंट्री में घुसे कंटेनर को ट्रैफिक थाने के सिपाही और सूबेदार ने रोक लिया। कंटेनर रोके जाने पर चालक ने विवाद करते हुए आरक्षक से मारपीट की और सूबेदार से झूमा-झपटी करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी। इस घटना की रिपोर्ट माढ़ोताल थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मालवीय चाैक स्थित ट्रैफिक थाने में तैनात सूबेदार रोहित तिवारी और आरक्षक राजेश कुमार की सोमवार को पाटन बायपास पर ड्यूटी थी। दोपहर सवा 12 बजे के करीब कंटेनर क्रमांक एचआर 55 एई 7143 तेज रफ्तार से चुंगीनाका की तरफ से पाटन बायपास पहुंचा।
सूबेदार व आरक्षक ने कंटेनर को रोकने इशारा किया, तो चालक ने रफ्तार तेज कर दी। जिसके बाद सूबेदार और आरक्षक ने पीछा कर कंटेनर को रोका, जिससे आरोपी चालक आक्रोशित हो गया और उसने आरक्षक से मारपीट की और सूबेदार से अभद्रता करते वर्दी फाड़ दी।
नशे में धुत था आरोपी चालक
पुलिस के अनुसार कंटेनर चालक लक्ष्मण सिंह नशे की हालत में था। आरक्षक ने उसे बात करने का प्रयास किया तो वह गुस्सा दिखाने लगा और आरक्षक से अभद्रता कर मारपीट की। वहीं बीच बचाव करने पर सूबेदार से झूमा-झपटी की, जिससे उसकी वर्दी फट गई। वहीं उसने बाॅडी वार्न कैमरा भी तोड़ दिया। हंगामा होने की सूचना पर माढ़ोताल पुलिस मौके पर पहुंची और कंटेनर जब्त कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
Created On :   8 April 2026 6:35 PM IST












