Jabalpur News: इलाज में निवा बूपा ने नहीं दी थी कैशलेस की सुविधा

इलाज में निवा बूपा ने नहीं दी थी कैशलेस की सुविधा
बीमित का आरोप: सारे दस्तावेज देने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी कर रहे गोलमाल

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। अस्पताल में इलाज के दौरान कैशलेस की सुविधा देने का दावा करने वाली बीमा कंपनी क्लेम भी नहीं दे रही है। यह आरोप पॉलिसीधारकों के द्वारा लगाया जा रहा है। ऐसी ही शिकायत बीमा लोकपाल में मध्यप्रदेश जबलपुर सदर निवासी गुलशन कोहली ने की है। उन्होंने बताया कि निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी से स्वास्थ्य बीमा कराया हुआ है।

पॉलिसी क्रमांक 35157556202601 का प्रीमियम वे देते आ रहे हैं। उन्हें गत दिनों पीलिया की शिकायत हो गई थी और इलाज के लिए गंभीर अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। इलाज के दौरान बीमा कंपनी को कैशलेस के लिए मेल किया गया था। बीमा अधिकारियों ने अस्पताल में आकर परीक्षण भी किया था और जल्द भुगतान का वादा किया था पर छुट्टी वाले दिन निवा बूपा के अधिकारियों ने बिना कारण बताए कैशलेस रिजेक्ट कर दिया।

बीमित को अपने खर्च पर पूरा इलाज कराना पड़ा। बीमित ने बीमा अधिकारियों से संपर्क किया पर जिम्मेदार अधिकारियों के द्वारा किसी भी तरह का सहयोग नहीं दिया गया। बीमित का आरोप है कि निवा बूपा कंपनी बीमितों के साथ गोलमाल कर रही है। वहीं कंपनी प्रवक्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया पर संपर्क नहीं हो सका।

इन नंबरों पर बीमा से संबंधित समस्या बताएं

स्वास्थ्य बीमा से संबंधित किसी भी तरह की समस्या आपके साथ भी है तो आप दैनिक भास्कर मोबाइल नंबर - 9425324184, 9425357204 पर बात करके प्रमाण सहित अपनी बात दोपहर 2 बजे से शाम 7 बजे तक रख सकते हैं।

Created On :   8 April 2026 4:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story