Jabalpur News: इल्लियां लगा अनाज बांटने के मामले में पांच माह बाद भी किसी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं

जिन दुकानों को किया गया निलंबित, उन्हें परिचितों की दुकानों में किया संलग्न

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। गोहलपुर स्थित दो राशन दुकानों में जनता को इल्लियां और घुन लगा राशन बांटने के मामले में पांच माह बाद भी किसी अधिकारी पर लापरवाही की जिम्मेदारी तय नहीं हो पाई है, वहीं जिन दुकानों में यह राशना पाया गया था उन्हें निलंबित तो किया गया मगर दोनों दुकानों को परिचितों की दुकान में ही संलग्न किए जाना चर्चा का विषय बना हुआ है।

वहीं दूसरी ओर इस बात की भी चर्चा है कि पूरे प्रकरण में खाद्य विभाग के अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध होने के बाद उन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जबकि इस मामले में प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा इस बात के संकेत दिए गए थे जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है मामला: अक्टूबर 2025 में मोतीलाल नेहरू वार्ड स्थित दो दुकानों में चावल की बोरियों में इल्लियां और गेहूं में घुन लगा पाया गया था, यही अनाज जनता को बांट दिया गया। घटिया किस्म के अनाज के बंटने पर जब हल्ला मचा तो अधिकारी हरकत में आए और आनन-फानन में उक्त राशन काे जब्त कर जांच प्रारंभ की गई थी।

अधिकारियों ने यहां बरती लापरवाही

जानकारों का कहना है कि इस पूरे मामले में सबसे पहले अधिकारियों की लापरवाही सामने आ रही है। ऐसा बताया जा रहा है कि जून 2025 में सभी राशन दुकानों में तीन माह का खाद्यान्न दिया गया था। इसके साथ यह निर्देश भी जारी हुए थे कि जनता को तीन माह का राशन एक साथ वितरित किया जाना है मगर इन दो दुकानों में राशन का वितरण नहीं किया गया।

यह राशन अक्टूबर माह में वितरित किया जा रहा था यानी पोर्टल में राशन दर्ज होने के बाद भी किसी अधिकारी ने इस बात की जांच नहीं की आखिर इन दुकानों में तीन माह का राशन स्टॉक में क्याें है जनता को क्यों नही बांटा गया। इतना ही नहीं जब यह तीन माह का राशन अक्टूबर में आवंटित हो रहा था तो सितंबर माह का आवंटित राशन कहां गया इस बात पर भी सवाल उठाए गए थे, इसके बाद भी किसी भी अधिकारी की जवाबदारी तय नहीं हो सकी है।

Created On :   2 March 2026 5:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story