- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- अवैध कब्जों से घिरे बाजार, पीक...
Jabalpur News: अवैध कब्जों से घिरे बाजार, पीक ऑवर्स में पैर रखने की भी जगह नहीं, रोजाना लग रहा जाम

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर के प्रमुख बाजार अवैध कब्जों से घिरे हुए हैं। यहां पर सड़कों पर दुकानें लगाई जा रही हैं। हालत यह है कि शाम के समय पीक वर्स में यहां पर पैर रखने की भी जगह नहीं है। त्योहार पर आम नागरिक खरीददारी के लिए परेशान हो रहे हैं लेकिन नगर निगम अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसका खामियाजा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
उल्लेखनीय है कि शहर के बड़ा फुहारा, लार्डगंज, गंजीपुरा, अंधेरदेव, मुकादमगंज और गलगला में त्योहार पर बड़ी संख्या के लिए खरीददारी के लिए लोग पहुंचते हैं। यहां पर सड़कों पर दुकानें लग रही हैं। इसके साथ ही दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों के बाहर सामान रखा हुआ है। इससे सड़कों पर चलने के लिए जगह नहीं बची है।
शाम के समय पीके ऑवर्स में तो यहां पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। इसके बाद भी नगर निगम के अधिकारी बाजार से अवैध कब्जे नहीं हटा रहे हैं। इससे लोगों को बाजार में पैदल चलने की भी जगह नहीं मिल पा रही है।
भीड़ में घुस रहे ई-रिक्शे, लग रहा जाम
नागरिकों का कहना है कि भीड़ भरे बाजारों में ई-रिक्शा बेरोकटोक घुस रहे हैं। इसके कारण जगह-जगह जाम लग रहा है। इससे बाजारों में अराजकता का माहौल बन गया है। इसके बाद भी ई-रिक्शों को भीड़ वाले बाजारों में घुसने पर रोक नहीं लगाई जा रही है। हैरान करने वाली बात यह है कि बाजारों में लोग चार-पहिया वाहन लेकर घुस रहे हैं। चार-पहिया वाहनों को पार्किंग में नहीं खड़ा कराया जा रहा है।
ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं
त्योहार पर भीड़ वाले बाजारों में हर साल सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाती थी। भीड़ वाले क्षेत्रों में ई-रिक्शों और चार-पहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाती थी। इस बार सुपर मार्केट, लार्डगंज, करमचंद चौक, गंजीपुरा, अंधेरदेव, मुकादमगंज और गलगला में ट्रैफिक पुलिस के सिपाही नजर नहीं आ रहे हैं। इससे ई-रिक्शा चालकों को मनमानी करने की छूट मिली हुई है।
व्यवस्थित लगाई जाएं दुकानें
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि त्योहार पर बाजारों में व्यवस्थित तरीके से दुकानें लगाई जाएं। नगर निगम, जिला प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को अभियान चलाकर बाजार को व्यवस्थित करना चाहिए। इससे न केवल जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी, बल्कि लोग त्योहार पर आसानी से खरीददारी कर सकेंगे।
भीड़ वाले बाजारों में सड़क पर दुकान लगाने वालों को हटाया जाएगा। व्यापारियों को व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने की हिदायत दी जाएगी, ताकि आम नागरिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
मनीष तड़से, अतिक्रमण प्रभारी, नगर निगम
Created On :   2 March 2026 5:27 PM IST












