Jabalpur News: तबाह हो चुकी बरगी बांध सड़क में 3 करोड़ से थिगड़े लगेंगे

तबाह हो चुकी बरगी बांध सड़क में 3 करोड़ से थिगड़े लगेंगे
बरगी हाईवे से बरगी नगर बांध की सीमा तक होगा सुधार, बीच में पानी की निकासी भी बनानी होगी, ताकि सड़क में पानी न भरे

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरगी हाईवे से बरगी बांध तक 10 किलोमीटर सड़क बीते 8 सालों से पूरी तरह बदतर और तबाह है। इस मार्ग से बांध तक जाना किसी पहाड़ चढ़ने की चुनौती से कम नहीं है। लंबी कवायद के बाद अब इस सड़क में कुछ सुधार होता दिख रहा है। नर्मदा घाटी बरगी बांध सागर परियोजना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार सड़क को नया रूप न देकर भोपाल से इसकी मरम्मत के लिए बजट मिला है।

इसमें टेण्डर के बाद वर्क आरंभ कर दिया गया है। 3 करोड़ की लागत से पूरे 10 किलोमीटर के दायरे में बदतर हो चुकी सड़क में थिगड़े लगेंगे। इसमें जहां पर सड़क ज्यादा खराब है वहां पर टायरिंग कर नया रूप दिया जाएगा तो बड़े गड्ढों में पूरी तरह से पेंच वर्क किया जाएगा। ईई राजेश गौंड के अनुसार बांध के हिस्से से इसमें अनुमति के बाद काम भी चालू कर दिया गया है।

अगले 3 माह में सड़क को चलने लायक बेहतर बना दिया जाएगा। जहां ज्यादा खराब है वहां पर पहले सुधार होगा। सड़क में पानी न भरे इसके लिए सड़क किनारे निकासी बनाने के लिए भी कहा गया है।

लोक निर्माण सड़क ले तो पूरा समाधान

नर्मदा घाटी के अधिकारियों का कहना है कि सड़क को बरगी हाईवे की सीमा से बरगी नगर और आगे बांध तक लोक निर्माण विभाग को सौंपने का प्रपोजल भोपाल भेजा चुका है। यदि यह सड़क लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित हो जाए तो सड़क को स्थाई रूप से बेहतर रखने का रास्ता साफ हो सकता है। इसके लिए विभाग ने लोक निर्माण विभाग के डिवीजन मुख्यालय में भी संपर्क कर आग्रह किया है कि सड़क को अपने अधीन ले ले।

नया रूप देने के लिए 20 करोड़ का प्रपोजल

बरगी हाईवे से बांध की सीमा तक यदि सड़क को नया रूप दिया जाए तो 20 करोड़ रुपए का बजट चाहिए होगा। इसके लिए नर्मदा घाटी विभाग ने भोपाल प्रपोजल बनाकर डिमाण्ड दी लेकिन यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया।

लोगों का कहना है कि अभी गौर, बारह, बरबटी वाले हिस्से से बांध तक जाना आसान है लेकिन बरगी टाउन वाले हिस्से में भी बांध तक सड़क बेहतर बनना चाहिए। पर्यटन के सीजन में इस सड़क का उपयोग भी बांध जाने के लिए ज्यादा किया जाता है।

Created On :   2 March 2026 5:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story