- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- सीबीआई और आईबी अधिकारी बनकर ठगी...
Jabalpur News: सीबीआई और आईबी अधिकारी बनकर ठगी करने वाले दो आरोपी यूपी से धराए

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले 72 वर्षीय रिटायर्ड बैंक कर्मी को झूठे केस में फंसाने और गिरफ्तारी का भय दिखाकर 75 लाख की ठगी की गई थी। ठगी करने वालों ने खुद को सीबीआई और आईबी अधिकारी बताया था। इस मामलें में क्राइम ब्रांच की टीम ने कानपुर निवासी विशाल सिंह चौहान उर्फ गोलू और लखनऊ निवासी अंकित सिंह को गिरफ्तार किया है। वहीं दो आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार संजीवनी नगर निवासी अनिल कुमार नन्होरिया ने क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे रिटायर्ड बैंक कर्मी हैं। उनके पास 22 और 23 नवंबर को कॉल आया था। काॅल करने वालों ने खुद को सीबीआई, एटीएस और आईबी का अधिकारी बताते हुए वृद्ध से बात की और कहा कि उनके एटीएम से बड़ी रकम का लेनदेन हुआ है। उस मामले में उनकी गिरफ्तारी किए जाने का भय दिखाकर 76 लाख रुपए सुप्रीम कोर्ट का खाता बताकर दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए थे।
लखनऊ से दबोचे गये थे दो आरोपी
वृद्ध की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर क्राइम ब्रांच की टीम ने जांच पड़ताल करते हुए दिसम्बर माह में लखनऊ से अजय शर्मा और कानपुर रोड लखनऊ निवासी वेद प्रकाश वर्मा को गिरफ्तार किया था। अनिल के खाते से रकम पहले इन दोनों के खाते में ट्रांसफर हुई थी। जांच में खुलासा हुआ था कि उसी दिन उन दोनों के खातों में साइबर ठगी की तीन करोड़ रुपए की रकम ट्रांसफर की गई थी।
दिल्ली से खरीदे थे सिमकार्ड
जांच में खुलासा हुआ कि पकड़े गये आरोपी अंकित और विशाल सिंह ने दिल्ली में कृष्णा और विकास बनकर अजय और वेद प्रकाश वर्मा से मुलाकात की थी और फिर उनके म्यूल खाते खुलवाए थे। उनके नाम से पहले सिमकार्ड भी खरीदी थे। पूछताछ कर टीम दोनों के म्यूल खातांे से जुड़ी जानकारी का पता लगा रही है।
Created On :   2 March 2026 5:07 PM IST












