- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- नियम तय है, तौलने का इंतजाम नहीं,...
Jabalpur News: नियम तय है, तौलने का इंतजाम नहीं, रेलवे को भारी पड़ रहा है लगेज

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। ट्रेनों में सफर के दौरान यात्री कितना लगेज ले जा सकता है इसका दायरा रेलवे ने तय कर रखा है। बावजूद इसके यात्री कई किलो सामान लेकर सफर कर रहा है। यही नहीं सीट के नीचे और सीट पर भी पूरा सामान फैला रहता है जिसके कारण विवाद की स्थिति भी बनती है।
रेलवे ने स्लीपर कोच के लिए 40 किलो एक यात्री के लिए सामान की सीमा तय कर रखी है इससे ज्यादा लगेज होने पर जुर्माने का प्रावधान है इसके बाद भी अगर कोई कार्रवाई करने आता है तो यात्री विवाद करने से भी पीछे नहीं हटते। कई बार ज्यादा लगेज होने पर साथ में यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
रेलवे में वैसे तो नियम यह है कि एसी फर्स्ट में 70 किलो, एसी टू में 50 किलो, एसी थ्री में 40 और स्लीपर कोच में 35 से 40 किलो वजन तक बैग या सूटकेस ले जा सकते हैं। हालांकि इससे थोड़ा बहुत ज्यादा हुआ तो भी कोई परेशानी नहीं होती है लेकिन ट्रेनों में सफर के दौरान कई यात्री अपनी पूरी गृहस्थी लेकर सफर करते हैं जिससे परेशानी बढ़ती है।
रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी भी कोई तौल नहीं करते हैं लेकिन कई यात्री ऐसे भी होते हैं जो यात्रा के दौरान सीट के नीचे पूरा सामान रखते हैं साथ ही सीट के ऊपर आसपास उनका पूरा सामान फैला रहता है, जबकि रेलवे का नियम है कि लगेज ज्यादा होने पर उसे पार्सल में बुक करना होता है या फिर जुर्माना चुकाना होता है।
फ्लाइट में कोई जोर नहीं
फ्लाइट से यात्रा करने पर फ्लायर्स का कोई जोर नहीं चलता। हवाई यात्रा में तय मानक से ज्यादा लगेज होने पर जुर्माना तो लगता ही है लोग भी जागरूक रहते हैं और कोशिश करते हैं कि तय सीमा का सामान लेकर ही जायें। एयरपोर्ट पर पूरे सामान की चेकिंग होती है और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाता है जिससे यहां लोग हर नियम मानते हैं लेकिन रेलवे में सारे नियम दरकिनार कर दिये जाते हैं।
ट्रेन में यात्री अपने साथ तय सीमा तक ही लगेज ले जा सकते हैं, ज्यादा लगेज होने पर इसे पार्सल में बुक करना चाहिए। हमारे लिए सभी यात्री बराबर हैं, प्रयास यही रहता है कि दूसरे यात्रियों को परेशानी न हो। लगेज ज्यादा होने पर कार्रवाई भी की जा रही है।
डाॅ. मधुर वर्मा, सीनियर डीसीएम रेलवे
होली के कारण बढ़ी भीड़
होली का पर्व होने के कारण इस समय हर ट्रेन में यात्रियों की भीड़ है। यात्रियों के साथ उनका लगेज भी बहुत ज्यादा है, यही कारण है कि जहां ट्रेनों में बैठने जगह नहीं है उसमें अगर कोई ज्यादा लगेज लेकर चढ़ेगा तो विवाद की स्थिति बनेगी। जबलपुर से निकलने वाली कई ट्रेनों में इस समय लगेज को लेकर झगड़े हो रहे हैं। रेलवे कंट्रोल रूम में हर दिन ऐसी शिकायतें पहुंच रही हैं। वहीं प्लेटफार्म पर कहीं लिफ्ट बंद हो तो कहीं एस्केलेटर नहीं चल रहे जिससे भी यात्रियों को दिक्कत है।
Created On :   2 March 2026 5:13 PM IST












