Jabalpur News: कांग्रेस के सोए हुए लोगों को जगाने निकला हूं

कांग्रेस के सोए हुए लोगों को जगाने निकला हूं
दैनिक भास्कर कार्यालय में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने संयुक्त प्रबंध संचालक राकेश अग्रवाल, डायरेक्टर शिवा अग्रवाल व संपादकीय सदस्यों से विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। मप्र में कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है। हमारे जमीनी नेता और कार्यकर्ता हताशा में शांत बैठे हुए हैं, ऐसे ही सोए हुए लोगों को जगाने के लिए मैं प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में दौरे कर रहा हूं। ये बातें विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल ने भास्कर से खास बातचीत के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि ये दौरे मैं हाईकमान के आदेश पर नहीं, बल्कि कांग्रेस का कार्यकर्ता होने के नाते कर रहा हूं। यह कार्यकर्ताओं में ऊर्जा के संचार का एक प्रयास है।

उन्होंने मेडिकल यूनिवर्सिटी के विखंडन के सवाल पर कहा कि इसका जायज विरोध जरूरी है। इस मुद्दे को जबलपुर के विपक्षी नेताओं के साथ सत्ता पक्ष के लोगों को भी एकजुटता से उठाना चाहिए। श्री सिंह ने बताया कि उन्होंने प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में दौरे किए हैं, जो आगे भी जारी रहेंगे।

एक सवाल पर दौरों के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा कि हर संभाग में अलग-अलग कारणों से संगठन की कमजोरियां सामने आई हैं। 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए कांग्रेस को अब बॉटमअप राजनीति करनी होगी और बूथ से प्रदेश स्तर तक मजबूत रणनीति के साथ काम करना होगा।

बंगाल, असम, तमिलनाडु, पांडिचेरी और केरल चुनाव के नतीजों को लेकर उन्होंने ज्यादा तो कुछ नहीं कहा लेकिन मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि मप्र के आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के बाद ही जश्न मनाएंगे।

भास्कर कार्यालय में साझा कीं बातें

श्री सिंह गुरुवार की शाम स्थानीय नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ दैनिक भास्कर कार्यालय पहुंचे और समाज, राजनीति व अन्य समसामयिक मुद्दों पर बातें साझा कीं। उन्होंने संयुक्त प्रबंध संचालक राकेश अग्रवाल व डायरेक्टर शिवा अग्रवाल से मुलाकात की। संपादकीय विभाग के वरिष्ठ सदस्यों ने उनसे सवाल-जवाब किए। इस दौरान कांग्रेस नेता आलोक मिश्रा, विनय सक्सेना, रमेश चौधरी, बाबूशंकर सोनकर, राशिद सुहैल सिद्दीकी, अभिषेक चिंटू चौकसे व अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सिंह ने कार्यकर्ताओं-परिचितों से की मुलाकात, दिए टिप्स

बुधवार की रात शहर पहुंचने के बाद से ही श्री सिंह ने अपने परिचितों के घर-घर पहुंचकर मुलाकात करना शुरू किया। गुरुवार की सुबह सबसे पहले वे ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव के छोटी लाइन स्थित कार्यालय पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों के संगठन के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

इसके बाद वे रसल चौक स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने के बाद उन्हें संगठन की मजबूती के लिए काम करने के लिए टिप्स दिए। इस अवसर पर ननि के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, संतोष पंडा, मदन लारिया, सुरेन्द्र तिवारी, माेनू अग्रवाल, सचिन रजक, आरिफ बेग, बंटी गुप्ता, प्रवेन्द्र चौहान व अन्य उपस्थित रहे।

अनेक कार्यक्रमों में हुए शामिल

शहर प्रवास के दौरान श्री सिंह ने प्रदेश कांग्रेस के समस्त प्रकोष्ठों के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह चौहान के साथ कई कार्यक्रमों में भी शिरकत की। वे दिवंगत वरिष्ठ पत्रकार मोहन शशि के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। इसी तरह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने हनुमानताल स्थित नगर अध्यक्ष रज्जू राखी सराफ के निवास पहुंचे, जहां प्रकोष्ठ के मनोज नामदेव, गुड्डू नबी, अख्तर अंसारी, गुरुप्रसाद नीखरा व अन्य मौजूद रहे।

Created On :   8 May 2026 2:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story