- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- समय पर न सुधार हो रहा और न बदलाव...
Jabalpur News: समय पर न सुधार हो रहा और न बदलाव जनता की परेशानी का सबब बना 'आधार'

- घंटों लाइन में लगना पड़ रहा अन्य केन्द्रों को छोड़कर लोग सीधे पहुंच रहे कलेक्ट्रेट
- पूरे जिले में जल्द ही करीब 100 केन्द्र हो जाएंगे जिससे आधार केन्द्रों पर लगने वाली भीड़ कम हो जाएगी।
Jabalpur News: जिले में 29 लाख से अधिक आधार कार्ड हैं जबकि इनके सुधार के लिए मात्र 19 केन्द्र चल रहे हैं जिसके कारण हजारों लोगों को रोजाना परेशान होना पड़ रहा है। कुछ ऐसे भी केन्द्र हैं जिनके सम्बंध में लोगों को जानकारी ही नहीं है और वहां कोई नहीं जाता जबकि कलेक्ट्रेट के केन्द्र में दूर-दूर से लाेग आधार बनवाने और सुधार कराने आ रहे हैं, यही कारण है कि यहां लगभग पूरे दिन लाेगों की लाइन लगी रहती है। हालांकि अब दावा किया जा रहा है कि जल्द ही यह समस्या दूर हो जाएगी क्याेंकि कई नए सेंटर खुल रहे हैं।
कलेक्ट्रेट के आधार सेंटर में केवल नाममात्र की सुविधाएं हैं जिससे यहां आने वाले लोग बेहद दुखी होते हैं। आधार बनवाने, आधार में सुधार कराने या फिर आधार अपडेट कराने के लिए सुबह से शाम तक बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की भीड़ कलेक्ट्रेट के 3 नम्बर गेट के पास स्थित आधार केन्द्र पर एकत्र हाेती है।
जितनी भीड़ यहां आती है, उस हिसाब से यहां न तो मशीनें हैं और न ही कर्मचारी। भीड़ से ठसाठस भरे कमरे के दमघोंटू माहौल में जब बच्चों और बुजुर्गों को पसीने से भीगे हुए देखा जाता है तो लोग आक्रोश से भर उठते हैं लेकिन चाहकर भी कुछ नहीं कर पाते हैं।
हो जाएंगे 100 आधार सेंटर
जल्द ही जिले में करीब 100 आधार सेंटर हो जाएंगे। इनमें से 40 से अधिक केन्द्र शहरी क्षेत्रों में होंगे जबकि 50 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में। आधार की महत्ता के कारण अब लोग सुधार, परिवर्तन आदि के लिए लगातार केन्द्रों के चक्कर काटते हैं। यही वजह है कि प्रशासन केन्द्रों की संख्या बढ़ा रहा है ताकि लोगाें को परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैंक और पोस्ट-ऑफिस में भी होता है सुधार
जनता की सुविधा के लिए अनेक बैंकों और पोस्ट-ऑफिस के साथ ही बीएसएनएल के कार्यालयों में भी आधार सेंटर है लेकिन लोगों को जानकारी नहीं है, इसके चलते वे वहां इस कार्य के लिए नहीं जाते हैं। यही कारण है कि कलेक्ट्रेट के आधार सेंटर में ही भीड़ नजर आती है।
अब कलेक्ट्रेट में हो गई हैं पांच मशीनें
बताया जाता है कि अब 21 नई मशीनें लग गई हैं जिनके जरिए आधार के कार्य किए जाएंगे। पहले कलेक्ट्रेट में 3 मशीनों पर कार्य किया जाता था, अब 5 मशीनों पर कार्य हो रहे हैं जिससे भीड़ जल्द ही कम हो जाएगी। इसके साथ ही वर्तमान में लोकसेवा केन्द्र पनागर, सिहोरा, बरगी, पाटन, दमोह नाका, शहपुरा, कुंडम, मोहनिया, पनागर उप लोकसेवा केन्द्र कार्यरत हैं, साथ ही 21 और केन्द्र खुलने वाले हैं।
पूरे जिले में जल्द ही करीब 100 केन्द्र हो जाएंगे जिससे आधार केन्द्रों पर लगने वाली भीड़ कम हो जाएगी। इसके साथ ही जिन केन्द्रों पर आधार के कार्य नहीं किए जा रहे हैं उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
-चित्रांशु कमल त्रिपाठी, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस
Created On :   4 July 2025 3:07 PM IST