- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- ननि का करोड़ों का टेंडर स्टेट लेवल...
Jabalpur News: ननि का करोड़ों का टेंडर स्टेट लेवल कमेटी ने किया निरस्त
डिजिटल डेस्क,जबलपुर। शहर में चल रहे अमृत जल फेज-2 योजना के तहत सीवर लाइन प्रोजेक्ट के लिए जारी हुआ करोड़ों का टेंडर नगरीय प्रशासन विभाग की स्टेट लेवल तकनीकी कमेटी ने निरस्त कर दिया है। दरअसल ये कार्रवाई मुरैना में सीवर लाइन प्रोजेक्ट के लिए काम करने वाली कंपनी के फर्जी प्रमाण पत्र और बड़े पैमाने पर विभागीय अधिकारियों द्वारा भ्रष्टाचार के तहत ईओडब्ल्यू में हुई शिकायत के बाद हुई है।
हालांकि निगम के अधिकारियों का कहना है कि जारी टेंडर में कई कमियां थीं, जिसके चलते इसे निरस्त किया गया है। जानकारी के अनुसार नगर निगम ने 1 सितम्बर 2025 को अमृत जल फेज-2 योजना के तहत जोन क्रमांक-1 लेफ्ट ओवर एरिया में पाइप लाइन के साथ सीवर लाइन बिछाने के लिए 747 करोड़ का टेंडर जारी किया था।
सूत्रों के अनुसार इस निविदा में देश भर से 8 विभिन्न कंपनियों ने हिस्सा लिया था लेकिन इसी बीच मुरैना में सीवर लाइन प्रोजेक्ट का काम कर रही स्टैंडर्ड इंफ्राटेक प्रा.लि. कंपनी हैदराबाद के खिलाफ फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर काम करने की शिकायत ईओडब्ल्यू में हुई थी। जबलपुर ननि द्वारा जारी टेंडर में स्टैंडर्ड इंफ्राटेक प्रा.लि. कंपनी ने हिस्सा लिया था।
उधर ईओडब्ल्यू भोपाल ने नगरीय प्रशासन विभाग से प्रदेश के सभी नगर निगमों में जारी सीवर लाइन से जुड़े प्रोजेक्टों के जारी किए गए सभी टेंडरों से संबंधित दस्तावेज जांच के लिए मांग लिए।
जिसके बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने अपनी स्टेट लेवल तकनीकी कमेटी को जांच के निर्देश दिए थे। कमेटी ने 5 मई 2026 को अपनी 67वीं बैठक में जांच की जिसके बाद नगर निगम जबलपुर ने 22 मई 2026 को स्टेट लेवल कमेटी की जांच का हवाला देेते हुए निविदा निरस्त करने का आदेश जारी किया है।
राज्य स्तरीय तकनीकी कमेटी की जांच के बाद निविदा निरस्त करने का आदेश जारी किया है। जल्द ही गलतियों का सुधार करके री-टेंडर जारी किया जाएगा।
कमलेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री ननि
Created On :   2 Jun 2026 6:39 PM IST











