ओवरलोडिंग: सड़क पर हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार

सड़क पर हादसे का इंतजार कर रहे जिम्मेदार
ऐसी तस्वीरों को देखकर लगता है कि जिम्मेदार अब सड़क पर हादसे का इंतजार कर रहे हैं

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। बरगी डैम में क्रूज पलटने की घटना जितनी दर्दनाक थी उतनी ही इसमें जिम्मेदारों की लापरवाही के आरोप लगाए जा रहे हैं। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविकता सामने आएगी। हर घटना-दुर्घटना के बाद गलती में सुधार को लेकर चिंतन होता है, लेकिन ये सिर्फ चंद दिनों के लिए रहता है।

समय के साथ लोग भी सबकुछ भूल जाते हैं और जिम्मेदार भी पुराने ढर्रे पर काम करने लगते हैं। शहर में हर दिन कुछ न कुछ ऐसा देखने को मिलता है, जो गंभीर लापरवाही होती है, जिसे कोई नहीं रोकता लेकिन जब हादसा होता है तो लगता है काश इसका विरोध करना था।

ऐसा ही कुछ इन दिनों यात्री बसों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़े संसाधनों में हो रहा है, जिसमें यात्रियों की सरेआम ओवरलोडिंग हो रही है लेेकिन परिवहन विभाग हो या ट्रैफिक पुलिस कुछ ही वाहनों में चालानी कार्रवाई करके अपना पल्ला झाड़ लेती है, रविवार को ऐसी ही एक तस्वीर मेडिकल काॅलेज के सामने देखने को मिली जहां पिकअप वैन में लोगों को ठूंस-ठूंसकर ले जाया जा रहा था।

ऐसी तस्वीरों को देखकर लगता है कि जिम्मेदार अब सड़क पर हादसे का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन जब तक दोषियों पर कार्रवाई होगी तब तक कई बेगुनाह अपनी जान गंवा चुके होंगे।

Created On :   4 May 2026 5:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story