Jabalpur news: आठवीं तक के स्कूलों की मान्यता के नियम जारी

आठवीं तक के स्कूलों की मान्यता के नियम जारी
11 से 30 नवंबर तक होंगे आवेदन, झूठी जानकारी देने पर रद्द होगी मान्यता

डिजिटल न्यूज़ जबलपुर

शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत सत्र 2027-28 के लिए कक्षा-8 तक के अशासकीय विद्यालयों की नवीन मान्यता और मान्यता नवीनीकरण आवेदन के लिए समय सारणी और निर्देश जारी किए गए हैं। आवेदन 11 नवंबर से 30 नवंबर तक लिए जाएंगे और इसके बाद भौतिक सत्यापन किया जाएगा। स्कूल में जुटाई गई सुविधाओं की जानकारी मोबाइल पर भी ली जा सकती है और जरूरत होने पर टीम स्कूल पहुंचेगी।

राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा कलेक्टर और जिला परियोजना समन्वयक को जारी किए गए निर्देश में कहा गया है कि निःशुल्क और अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के अनुसार समस्त अशासकीय विद्यालयों द्वारा मान्यता प्राप्त होने के उपरांत ही विद्यालय संचालन किया जा सकता है।

अशासकीय विद्यालय के संचालक द्वारा स्वयं आरटीई एमपी मोबाइल एप का उपयोग करते हुये मान्यता नवीनीकरण और नवीन मान्यता हेतु आवेदन किये जाने की ऑनलाइन प्रक्रिया है। आवेदन करने के लिये अशासकीय विद्यालय द्वारा विद्यालय भवन, आवश्यक प्रशिक्षित शिक्षकों तथा विद्यालय में आवश्यक संसाधनों की फोटो अपलोड करने के साथ ही आरटीई के मान एवं मानकों की पूर्ति किया जाना अनिवार्य है।

मान्यता नवीनीकरण जरूरी-

जिन मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों की मान्यता अवधि 31 मार्च 2027 को समाप्त हो रही है, उन विद्यालयों द्वारा आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 में विद्यालय का संचालन जारी रखने हेतु निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मान्यता नवीनीकरण कराया जाना अनिवार्य होगा।

कोई संस्था आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 में नवीन अशासकीय विद्यालय प्रारंभ करना चाहती है, तो संबंधित संस्था द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नवीन मान्यता हेतु ऑनलाइन आवेदन किया जाना अनिवार्य होगा। यदि कोई विद्यालय अपनी कक्षाओं में वृद्धि करना चाहता है अथवा विद्यालय भवन परिवर्तित कर उसी ग्राम/वार्ड के अन्य स्थान पर विद्यालय संचालन करना चाहता है, तो संबंधित विद्यालय द्वारा भी निर्धारित प्रकिया के अनुसार मान्यता हेतु आवेदन किया जाना अनिवार्य होगा।

इन नियमों को मानना आवश्यक होगा-

स्कूल का भवन पूर्णतः सुरक्षित हो। विद्यालय भवन अग्नि एवं सुरक्षा मापदण्डों एवं मानको का पालन करता हो। छात्र संख्या अनुसार आवश्यक अच्छे कक्ष, कार्यालय कक्ष तथा प्रधानाध्यापक कक्ष होना अनिवार्य है। कक्षा कक्ष पूर्णतः हवादार एवं छात्र अनुपात अनुसार आवश्यक माप के होना अनिवार्य है। विद्यालय द्वारा विद्यालय में भोजन भी प्रदान किया जाता है तो स्वच्छ भोजनालय सह भण्डार कक्ष उपलब्ध होना अनिवार्य है। भवन अग्नि की सुरक्षा से युक्त होना अनिवार्य है।

रजिस्ट्री और किराएनामे की जांच होगी-

विद्यालय का स्वयं का भवन होने की स्थिति में भवन भूमि के रजिस्ट्री अभिलेख होना अनिवार्य है।

किराये के भवन में विद्यालय संचालित होने की स्थिति में 3 वर्ष हेतु किरायेनामा का रजिस्ट्रीकृत अभिलेख होना अनिवार्य है। विद्यालय हेतु पर्याप्त आकार में खेल मैदान की उपलब्धता होना अनिवार्य है। खेल मैदान विद्यालय के पास ही होना अनिवार्य है। विद्यालय में छात्र संख्या मान से विषयवार एंव कक्षावार व्यवसायिक प्रशिक्षित शिक्षक होना अनिवार्य है।

Created On :  

Tags

Next Story