- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- झुलसा देने वाली तपिश के साथ दर्ज...
जबलपुर: झुलसा देने वाली तपिश के साथ दर्ज हुआ सीजन का सबसे गर्म दिन

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रविवार को नौतपा के दूसरे दिन आसमान से आग बरसी। झुलसा देने वाली तपिश के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। जैसे-जैसे दिन में पारा चढ़ा, सड़केें सूनी होती गईं। पंखे की हवा गरम लपटें छोड़ रही थीं और कूलरों का भी दम निकल गया।
शहर में तापमान सुबह 11:30 बजे 39.8 डिग्री, दोपहर 2:30 बजे 43.2 डिग्री और इसके बाद 43.4 डिग्री पहुँचा। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में पारा 45 डिग्री तक पहुँच सकता है।
रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। शहर के आसपास अभी उत्तर-पूर्वी हवा सक्रिय है।
संभाग के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अफगानिस्तान के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है और नाॅर्थ-वेस्ट में राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन है, हालांकि प्रदेश में इसका असर अभी देखने नहीं मिल रहा है।
मौसम विभाग ने जबलपुर संभाग के कुछ जिलों में हीट वेव की संभावना व्यक्त की है। जबलपुर समेत महाकौशल क्षेत्र के कटनी, नरसिंहपुर, मैहर में लू चलने की संभावना है। विभाग ने हीट स्ट्रोक से बचने के लिए निर्देश जारी किए हैं।
सलाह दी गई है कि दोपहर में निकलने से बचें, जब बहुत जरूरी काम हो तभी लोग घर से बाहर निकलें।
43.4 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ गया दिन का तापमान यह सामान्य से दो पायदान ज्यादा है।
28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया न्यूनतम तापमान जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
अलर्ट
मौसम विभाग ने हीट वेव के लिए अलर्ट जारी किया है।
Created On :   27 May 2024 7:32 PM IST














