जबलपुर: 14 फरवरी तक तय होंगे कांग्रेस शहर अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के नाम

14 फरवरी तक तय होंगे कांग्रेस शहर अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के नाम
  • लोकसभा प्रभारी पांसे को प्रदेश संगठन ने सौंपी जिम्मेदारी
  • नगर सत्ता में विपक्षी दल होने पर नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर भारी गहमा-गहमी चल रही है।
  • 14 फरवरी को शहर कांग्रेस अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष का नाम घोषित कर सकते हैं।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के भाजपा में शामिल होने के बाद रिक्त हुए शहर कांग्रेस अध्यक्ष और नगर सत्ता में विपक्षी दल होने पर नेता प्रतिपक्ष के चयन को लेकर भारी गहमा-गहमी चल रही है।

कांग्रेस का नया शहर अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष कौन होगा इसको लेकर तरह-तरह की अटकलें और नाम चर्चा में हैं। कई नेता भोपाल-दिल्ली की दौड़ भी लगा रहे हैं, लेकिन इस उठापटक के बीच प्रदेश कांग्रेस संगठन ने दोनों पदों पर नियुक्ति के लिए लोकसभा प्रभारी सुखदेव पांसे को जबलपुर पहुँचकर स्थानीय नेताओं के साथ रायशुमारी करने का फरमान जारी कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार श्री पांसे 13 फरवरी को जबलपुर आ सकते हैं और 14 फरवरी को शहर कांग्रेस अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष का नाम घोषित कर सकते हैं। इधर महापाैर जगत बहादुर सिंह अन्नू के भाजपा में शामिल होने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनके खिलाफ लगातार विरोध-प्रदर्शन और आरोप लगाए जा रहे हैं।

शुक्रवार को रांझी में पूर्व कैंट बोर्ड उपाध्यक्ष अभिषेक चौकसे चिंटू, तेजकुमार भगत, पवन कनौजिया, हुकुमचंद जैन, राहुल रजक व अन्य ने अर्थी जुलूस निकालकर नारेबाजी की। शनिवार को युवक कांग्रेस अध्यक्ष जतिन राज, संजय राठौर की अगुवाई में गुलौआ चौक पर प्रदर्शन किया जाएगा।

संगठन मंत्री मनोज सेठ ने दिया कांग्रेस से इस्तीफा

शहर कांग्रेस कमेटी के संगठन मंत्री मनोज सेठ ने शुक्रवार को अपने पद के साथ कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। ऐसी संभावना है कि वे भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

Created On :   10 Feb 2024 12:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story