- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- घास में गुम हो गईं कुर्सियां,...
Jabalpur News: घास में गुम हो गईं कुर्सियां, बच्चों के झूलों में लगी जंग, जहरीले जीव-जन्तुओं का भी खतरा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। राजीव गांधी वार्ड के अंतर्गत आने वाले शांतिनगर गली नंबर 24-25 में स्थित हनुमान वाटिका पार्क बदहाल हो चला है। बारिश के कारण पूरे परिसर में बड़ी-बड़ी घास उग आई है। कुर्सियां तक घास में गुम हो गई हैं। झूलों में जंग लग गई है। हालात ये हैं कि पार्क के भीतर जीव-जन्तुओं के खतरे की आशंका के चलते आसपास के लाेगों और बच्चों ने यहां आना बंद कर दिया है। पार्क के समीप रहने वाले लोगों ने बताया कि पार्क के हालातों और समस्याओं की शिकायत कई बार नगर निगम के अधिकारियों से की गई है, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि बारिश के बाद पार्क की हालत और ज्यादा खराब हो गई है। पार्क में पानी निकासी के कोई इंतजाम नहीं हैं। यहां सुविधाएं न होने से बच्चे खेल नहीं पा रहे हैं। ऐसे में उन्हें निराशा का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि पूर्व में नगर निगम कर्मचारियों द्वारा इस पार्क की साफ-सफाई की जाती थी, लेकिन पिछले कई माह से यहां साफ-सफाई नहीं की जा रही है, जिससे पार्क के बीच में बड़ी-बड़ी घास पनप गई है। इसके साथ ही पार्क में जगह-जगह कचरा जमा हो गया है, जिससे पार्क बदहाल नजर आने लगा है।
देखभाल के लिए तैनात हों कर्मचारी, कराया जाए सौंदर्यीकरण
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि ये पार्क लोगों के लिए बेहद उपयोगी है। निगम को यहां सुविधाएं बढ़ाना चाहिए। पार्क में नियमित साफ-सफाई के साथ ही परिसर में उग आई घास और झाड़ियों को काटा जाना चाहिए। पार्क की देखरेख के लिए नियमित कर्मचारियों को तैनाती भी की जानी चाहिए, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
शांतिनगर के पार्क का निरीक्षण किया जाएगा, यहां जल्द साफ-सफाई कराई जाएगी। पार्क को व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
- मनीष तड़से, प्रभारी उद्यान अधिकारी नगर निगम
Created On :   30 Sept 2026 5:21 PM IST











