Jabalpur News: मोगली उत्सव में बच्ची के साथ हो गया भेदभाव

प्रतियोगिता के पहले छात्रा से कहा गया तुम यदि अव्वल भी आओगी तो भी तुम्हारा सिलेक्शन नहीं होगा

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। स्कूली बच्चों के लिए आयोजित होने वाले मोगली बाल उत्सव में एक स्कूली छात्रा के साथ भेदभाव हो गया। छात्रा पिछले साल की विजेता थी और यही वजह रही कि प्रतियोगिता शुरू होने से पहले ही उससे यह कह दिया गया कि यदि तुम पहले नम्बर पर भी आओगी तो तुम्हारा सिलेक्शन नहीं होगा। छात्रा नर्वस हो गई लेकिन इसके बाद भी उसने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वह पहले स्स्थान पर नहीं आ सकी। शायद नियमों के कारण उसे जानबूझकर दूसरे नम्बर पर धकेल दिया गया। शिक्षकों का कहना है कि यदि ऐसे नियम थे तो इसकी जानकारी पहले ही दी जानी चाहिए थी ताकि किसी दूसरे बच्चे को प्रतियोगिता में भेज दिया जाता।

बताया जाता है कि जिला स्तरीय मोगली बाल उत्सव के कार्यक्रम में प्रश्न मंच प्रतियोगिता प्रारंभ होने के पूर्व प्रतियोगिता की प्रमुख निर्णायक ने शासकीय माध्यमिक शाला बरगी हिल्स, जन शिक्षा केंद्र रानी दुर्गावती कनिष्ठ वर्ग की कक्षा छठवीं की छात्रा हर्षिता पटेल जो कि विकासखंड स्तर से चयनित होकर आई थी को प्रश्न मंच प्रतियोगिता प्रारंभ होने के पूर्व कहां की तुम यदि पास भी हो जाओगी तो तुम्हें चयनित नहीं किया जा सकेगा।

इसकी वजह यह रही कि उक्त बालिका विगत वर्ष भी चयनित होकर सिवनी जिले के पेंच अभ्यारण में राज्य स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में भाग ले चुकी है। शिक्षकों को इस बात पर आपत्ति है कि यदि विगत सत्र के किसी भी छात्र को चयनित होने के बाद भी संभाग या राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन नहीं किया जाना था तो यह जानकारी जन शिक्षक, जन शिक्षा केंद्र प्रभारी, बीएसी, बीआरसी, एपीसी एकेडमी, एडीपीसी या निर्णायक मंडल ने पत्र जारी करते समय या विभिन्न स्तर की प्रतियोगिताओं में यह जानकारी क्यों नहीं दी। छात्रा के प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर उसके साथ ऐसा व्यवहार किया गया जिससे मासूम छात्रा के बालमन पर बुरा प्रभाव पड़ने की संभावना है। इस सम्बंध में निर्णायक से चर्चा का प्रयास किया गया लेकिन उनसे सम्पर्क नहीं हो पाया।

Created On :   29 Sept 2026 9:19 PM IST

Tags

Next Story