Jabalpur News: कलेक्टर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण

कलेक्टर ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
बच्चों पढ़ाई कैसी चल रही है..किसी प्रकार की कोई असुविधा तो नहीं-बच्चों से किया सीधा संवाद

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। रामपुर छापर स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय का मंगलवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के विषय में विस्तार से चर्चा की। वहीं उनसे प्रश्न पूछकर उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों से यहां तक जानकारी ली उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं महसूस हो रही है। हालांकि बच्चों ने किसी प्रकार की समस्या से अवगत नहीं कराया।

कलेक्टर श्री सिंह ने निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। यहां विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न माॅडलों और प्रोजेक्ट् को भी देखा।

निरीक्षण के दौरान बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर पढ़ाई के संबंध में कुछ प्रश्नों पूछे तथा आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। साथ ही स्कूल के बाद छात्रावास में की गई आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, शैक्षणिक व्यवस्था और विद्यार्थियों को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया।

नवनिर्मित छात्रावास भी पहुंचे

कलेक्टर श्री सिंह ने आवासीय विद्यालय के नवनिर्मित छात्रावास का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास में उपलब्ध कराए जा रहे फर्नीचर व अन्य सुविधाओं की जानकारी के साथ ही दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए कमरों का भी अवलोकन किया।

कलेक्टर ने छात्रावास की मैस में पहुंचकर किचन तथा बच्चों के भोजन करने वाली जगह की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास परिसर के बाहर लगे टावर के आसपास फेंसिंग कराने तथा विद्युत तारों को व्यवस्थित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

गौरतलब है कि विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए यहां 23 करोड़ 39 लाख रुपए की लागत से दो छात्रावासों का निर्माण कराया गया है। दोनों छात्रावासों 125-125 कमरे है।

Created On :   29 Sept 2026 9:12 PM IST

Tags

Next Story